कांग्रेस के दिग्गज नेता ने कहा - खंडवा वालों ये क्या तरीका है, तभी कांग्रेस की ऐसी हालत है

भोपाल। शनिवार को पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ता पर भड़क गए। वे कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत कर रहे थे। तभी अपनी बात कहने के लिए कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। इस पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि ‘आप सब बोल लीजिए, बाकी कांग्रेस जाए भाड़ में’। दरअसल, सम्मेलन में विधानसभा स्तर के नेता मंच पर बारी-बारी से समस्या और सुझाव रख रहे थे। सम्मेलन के समापन सत्र में एक नेता को बुलाया गया। तो पूर्व पीसीसी चीफ अरुण यादव गुट के नेताओं ने हंगामा शुरू कर दिया।
वे दर्शक दीर्घा में बैठे दिग्विजय सिंह के पास गए और कहा कि हमें भी बोलने का मौका दीजिए। इस पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि ‘पहले तो आप लोग शांत रहिए। हम लोग सबको सुनेंगे, जिसे जो बोलना है, बोलिएगा। बाकी भाड़ में जाए कांग्रेस। खंडवा वालों ये क्या तरीका है आपका, तभी कांग्रेस की ऐसी हालत बना रखी है।’
हंगामा होने पर किया मीडियाकर्मियों को बाहर
हंगामा होते देख दिग्विजय सिंह ने वीडियोग्राफी कर रहे मीडियाकर्मियों को बाहर जाने को कह दिया। वे इस बात को लेकर चिंता में थे कि सम्मेलन में मीडिया को एंट्री किसने दी। सम्मलेन के बाद दिग्विजय काफी नाराज दिखे। इससे पहले दिग्विजय सिंह ने गौरीकुंज सभागार में कांग्रेस संगठन की बैठक ली। यहां विधानसभा के दावेदारों से वन टू वन चर्चा की। बैठक की शुरुआत वंदे मातरम गीत से की।
दरअसल अरुण यादव समर्थक पूर्व शहर अध्यक्ष इंदल सिंह पंवार, विकास व्यास दिग्विजय सिंह के पास यह कहने गए थे कि हमें मंच पर बोलने का मौका नहीं दिया गया। कांग्रेस ने इंदल सिंह को 16 मार्च के दिन 6 साल के लिए निष्कासित कर रखा है। वहीं, विकास व्यास को कारण बताओ नोटिस दिया था। चुनावी साल में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह प्रदेश दौरे पर हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS