प्रदेश सरकार यह क्यों नहीं बताती कि उसने तेरह साल में क्या किया : कमलेश्वर पटेल

भोपाल । प्रदेश ( MP ) की भाजपा सरकार ( BJP Govt. ) दो साल खुशहाली, प्रगति और उन्नति का राग अलाप रही है, लेकिन 13 साल ( 13 Years ) में सरकार ने क्या तीन तेरा किया वह क्यों नहीं बताती। इसलिए तो बीते विधानसभा चुनाव में जनता ने भाजपा को नौ-दो ग्यारह कर दिया था। भाजपा नये-नये स्लोगन लाकर प्रदेश की जनता के भ्रमित कर रही है। यह बात प्रदेश कांग्रेस ( Congress ) कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री ( Ex. Minister ) एवं विधायक कमलेश्वर पटेल ( Kamleswar Patel ) ने कही।
पूर्व मंत्री एवं विधायक कमलेश्वर पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह आजकल तो बुलडोजर मामा भी बन गए हैं। कितने वर्षों से प्रदेश में भाजपा की सरकार है, आप माफियाओं पर कार्रवाई क्यों नहीं करते। आप की सरकार माफिया के रूप में काम कर रही है, खनन माफिया, भू-माफिया, शिक्षा माफिया, शराब माफिया, तरह-तरह के माफिया काम कर रहे हैं। इन पर आप कार्रवाई क्यों नहीं करते हैं। प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है मप्र के जो शिक्षित बेरोजगार हैं, वे दर-दर की ठोकरे खाने को मजबूर हैं।
चयनित शिक्षकों को नौकरी क्यों नहीं दी -
पटेल ने कहा कि पिछले 1 सप्ताह से चयनित शिक्षक भाई-बहन सड़क पर हड़ताल कर रहे हैं, यह प्रदेश का दुर्भाग्य है कि भाजपा सरकार शोक स्वरूप इन्हें मुंडन कराने पर विवश कर रही है। चयनित शिक्षकों को नौकरी ना देना, सरकार की ओबीसी विरोधी नीति अपनाकर युवाओं के साथ छलावा कर रही है। वहीं उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती में व्याख्याता पद हेतु जीव विज्ञान विषय के तहत आने वाले सह विषयों को शामिल नहीं करने पर उच्च शिक्षित युवा शक्ति सड़कों पर अनशन कर धरना देने के लिए बाध्य हो रही है। पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री पचमढ़ी में मंत्रियों के साथ वन बिहार कर रहे हैं, मुख्यमंत्री फोटो सेशन करके क्या इवेंट करते रहेंगे या प्रदेश के 7.50 करोड़ जनता के हित के लिए कोई कार्य करेंगे। प्रदेश को एक नया दौर देखने को मिल रहा है, निराश्रितों की पेंशन को भी इवेंट बनाया जा रहा है। प्रदेश के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वेतन को भी इवेंट करके एक क्लिक पर डालेंगे, मनरेगा के मजदूरों के भुगतान को भी इसी प्रकार का इवेंट बनाएंगे। एक पुस्तक में लिखा है कि शासक जनता का ध्यान जनहित के मुद्दों से हटाने के लिए तमाशा करते रहें इसी प्रकार का तमाशा देश एवं प्रदेश में भाजपा द्वारा किया जा रहा है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS