भाइयों में विवाद के बीच महिला बोली तो उसे जिंदा जला दिया

भाइयों में विवाद के बीच महिला बोली तो उसे जिंदा जला दिया
X
जमीन को लेकर था भाइयों में विवाद। दो जेठ ने अपने साथी के साथ मिलकर महिला को जिंदा जला दिया। आग की लपटों से घिरी महिला को पति और देवर किसी तरह बचाकर निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे, वहां महिला की हालत नाजुक है।

भोपाल। बैरसिया थाना क्षेत्र स्थित गांव अर्जुनखेड़ी में जमीनी विवाद के चलते दो जेठ ने अपने साथी के साथ मिलकर महिला को जिंदा जला दिया। आग की लपटों से घिरी महिला को पति और देवर किसी तरह बचाकर निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। महिला की हालत नाजुक है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी केएन भारद्वाज ने बताया कि 30 साल की आशा सिंह राजपूत पति संजू राजपूत गृहणी है। वह पति के साथ ग्राम अर्जुनखेड़ी में रहती है। उनके साथ देवर उदय सिंह राजपूत भी रहता है। संजू और उदय तीसरे और चौथे नंबर के भाई हैं, जबकि वीरेंद्र सिंह राजपूत और श्याम सिंह राजपूत बड़े हैं और रिश्ते में पीड़िता के जेठ लगते हैं। उनका जमीनी विवाद होने के कारण संजू और उदय सिंह अलग हो गए है, जबकि वीरेंद्र और श्याम सिंह की पार्टी अलग हो गई है। जमीन के बंटवारे की बात को वीरेंद्र और श्याम सिंह मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे आशा के घर पहुंचे। वहां उन्होंने उदय और संजू से विवाद शुरू कर दिया। इस दौरान श्याम का साला शिशुपाल भी मौजूद था। विवाद बढ़ने पर नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। इसी बीच भाइयों के विवाद में आशा ने भी बीच बचाव करते हुए बोलना शुरू कर दिया। यह बात तीनों आरोपियों को नागवार गुजरी और उन्होंने आशा पर केरोसिन आॅयल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया। किसी तरह संजू और उदय ने आग की लपटों से घिरी आशा को बचाकर निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, हालांकि इस दौरान करीब चालीस फीसदी शरीर का हिस्सा झुलस चुका था। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। डॉक्टर का कहना है कि आशा के शरीर का अगला हिस्सा बुरी तरह से झुलसने के कारण उसकी स्थिति नाजुक बनी है।

Tags

Next Story