पंजाब: कैब चालक ने की महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न की कोशिश, दो महिलाओं ने चलते वाहन से लगाई छलांग

अमृतसर (पंजाब)। वैसे तो हमारा देश प्रगति की राह पर है। मगर अब भी हमारे सामने सबसे बड़ी समस्या महिलाओं की सुरक्षा को लेकर है। क्या वाकई देश में महिलाएं सुरक्षित हैं? इस सवाल का जवाब शायद ही कोई दे सके। हमारे देश में महिलाओं की आजादी पर सवाल खड़ा हुआ है। हाल ही की एक ताजा घटना में अमृतसर में दो महिलाएं चलती कैब से कूदने के कारण शनिवार को उस समय घायल हो गईं, जब वाहन चालक ने उनमें से एक महिला का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की। पुलिस ने बताया कि इन दोनों के अलावा भी एक और महिला कैब में थी। उन्होंने बताया कि जब स्थानीय लोगों ने दो महिलाओं को वाहन से कूदते देखा तो उन्होंने कैब का पीछा करके उसे बीच में रोककर वाहन में बैठी महिला को बचा लिया। थाना प्रभारी रॉबिन हंस ने बताया कि तीनों महिलाएं शाम को रंजीत एवेन्यू स्थित एक रेस्तरां तक कैब से जा रही थी। उन्होंने कहा कि जब कैब रास्ते में थी, तो उसके चालक ने एक महिला के यौन उत्पीड़न की कोशिश की, लेकिन जब महिला ने उसे रोका तो उसने वाहन की गति बढ़ा दी। हालांकि पीड़िता एक अन्य महिला के साथ चलते वाहन से कूद गई। हंस ने कहा कि सड़क किनारे खड़े कुछ लोगों ने दोनों महिलाओं को चलते वाहन से कूदते देखा। उन्होंने वाहन का पीछा किया और उसे बीच रास्ते में रोककर तीसरी महिला को बचा लिया। उन्होंने बताया कि कैब चालक घटनास्थल से भाग गया, लेकिन पुलिस ने उसे कुछ ही देर बाद गिरफ्तार कर लिया।
अमृतसर के पॉश इलाके रंजीत एवेन्यू में यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कैब ड्राइवर पर अपहरण की एफआईआर दर्ज कर ली है। कैब ड्राइवर की पहचान हो चुकी है और पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS