Punjab: पंचतत्व में विलीन हुए MP संतोख चौधरी, जालंधर से फिर शुरू हुई राहुल की भारत जोड़ो यात्रा

Punjab: पंचतत्व में विलीन हुए MP संतोख चौधरी, जालंधर से फिर शुरू हुई राहुल की भारत जोड़ो यात्रा
X
राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा रविवार को पंजाब के जालंधर से शुरू हो गई है। कांग्रेस सांसद संतोख चौधरी के निधन के कारण शनिवार को यात्रा स्थगित कर दी गई थी।

कांग्रेस (Congress) पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) रविवार को पंजाब के जालंधर से शुरू हो गई है। दरअसल, कांग्रेस सांसद संतोख चौधरी (Santokh Chowdhary) के निधन के कारण शनिवार को यात्रा स्थगित कर दी गई थी। वही कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का आज जालंधर जिले के उनके पैतृक गांव धालीवाल में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी जालंधर में कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। इस मौके पर कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वाडिंग, विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी, सांसद मोहम्मद सादिक, पार्टी नेता और जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

कांग्रेस (Congress) ने ट्विटर पर रविवार का कार्यक्रम साझा करते हुए लोगों को 'जन आंदोलन' में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

इससे पहले राहुल गांधी ने जालंधर के शक्तिपीठ श्री देवी तालाब मंदिर पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा अर्चना की और देश से नफरत मिटाने की प्रार्थना की। कांग्रेस ने ट्विटर पर फोटो शेयर करते हुए कहा, आज राहुल गांधी ने जालंधर के शक्तिपीठ श्री देवी तालाब मंदिर में मां दुर्गा की पूजा अर्चना की और देश से नफरत मिटाने की प्रार्थना की। मां शक्ति के आशीर्वाद से हम निरंतर अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं। कदम बढ़ रहे हैं, देश जुड़ रहा है। मार्च का पड़ाव हेमकुड पब्लिक स्कूल के पास शाम छह बजे होगा और रात्रि विश्राम अवतार रीजेंसी बीस गांव आदमपुर में होगा।

बता दें भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) जो पिछले साल सितंबर में तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी, जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में समाप्त होगी। तमिलनाडु के अलावा, यात्रा ने कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों को कवर किया है।

Tags

Next Story