राजस्थान : भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कांग्रेस पर किया प्रहार, बोले- क्रेडिट कार्ड से लेकर किसान कानून तक कांग्रेस का डिब्बा खाली

जयपुर। देश में कृष विधेयकों (Agricultural Bills) का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। किसानों का बवाल और राजनेताओं के आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। एक तरफ जहां किसान अपनी मांगों को लेकर अड़े हैं तो दूसरी तरफ राजनीतिक गलियारे में भी गहमा गहमी का दौर जारी है। राजस्थान में भी किसानों का मुद्दा तूल पकड़ रहा है। अब यहां भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया (Satish Poonia) ने कृषि कानूनों को लेकर कांग्रेस पर प्रहार किया है।
उन्होंने कहा कि आजकल किसान आंदोलन की चर्चा ज्यादा होती है। कांग्रेस एक कानून बता दें कि जिसमें किसानों का कल्याण हुआ हो। लेकिन असलियत यह है क्रेडिट कार्ड से लेकर किसान कानून तक कांग्रेस का डिब्बा खाली है। आज भाजपा कार्यकर्ता सीना चौड़ा करके कह सकता है कि किसानों के लिए किसी पार्टी ने काम किया तो वह भाजपा है। इससे पहले दीप प्रज्जवलन के साथ बैठक की शुरुआत हुई। पांच सत्रों में होने वाली बैठक में उप चुनाव, कांग्रेस सरकार के खिलाफ होने वाले आंदोलनों और पदाधिकारियों के कार्य विभाजन को लेकर चर्चा होगी। बैठक में कुल पांच सत्र होंगे।
बोले- कांग्रेस पार्टी इस देश में एक किस्म का अभिशाप
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि इस देश में भ्रष्टाचार, बरोजगारी और जातिवाद सहित तमाम तरह की समस्याओं की जनक कांग्रेस है। यह अतिवाद नहीं है कि कांग्रेस पार्टी इस देश में एक किस्म का अभिशाप हैं, जिसने 70 वर्षों तक देश की तरक्की को रोका। पूनियां शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय पर सातों मोर्चों की कार्ययोजना को लेकर हो रही संयुक्त योजना बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस मुक्त के नारे की बात चलती है तो कांग्रेस के मित्र नाराज होते हैं। यह सही है कि लोकतंत्र में दल रहें, विचार रहें, नीतियां रहें, लेकिन इस नारे के पीछे भी एक बुनियाद हैं। दल और विचार और भी थे। लेकिन 70 वर्षों की राजनीतिक यात्रा में किसी दल ने किसी देश के साथ सबसे ज्यादा अत्याचार, अनाचार और अन्याय किया तो वह कांग्रेस थी, जिसने 55 वर्षों में लूट और झूठ का खेल खेला। उन्होंने कहा कि कई बार हास्यास्पद सी बात लगती है कि राहुल गांधी जब किसान, नौजवान, बेरोजगारी की बात करते हैं तो मुझे कई बार ऐसा लगता है कि कि कांग्रेस के लोग नौकरी लगाकर गए हों और हमने हटा दिए हों। इस तरीके से प्रस्तुत करते हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS