Rajasthan: जोधपुर में गैस रिफिलिंग के दौरान छह सिलेंडरों में विस्फोट, 4 जिंदा जले, 16 घायल

Rajasthan: जोधपुर में गैस रिफिलिंग के दौरान छह सिलेंडरों में विस्फोट, 4 जिंदा जले, 16 घायल
X
राजस्थान के जोधपुर में गैस की रिफिलिंग करते समय छह गैस सिलेंडर फट गए। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई।

राजस्थान (Rajasthan) के जोधपुर (Jodhpur) से दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। गैस (Gas) की रिफिलिंग (refilling) करते समय धमाका (Blast) होने से छह गैस सिलेंडर (cylinder) फट गए। धमाके में दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई। वहीँ 16 लोग घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। धमाके से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं। मामले में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने ट्वीट कर शोक जताया है और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।

क्या है पूरा मामला

मिली जानकारी के अनुसार मामला जोधपुर शहर के मगरा पूंजला इलाके की कीर्ति नगर कॉलोनी का है। यहां एक घर में अवैध रूप से सिलेंडर के भंडारण और रीफिलिंग का काम किया जाता था। आज दोपहर करीब तीन बजे एक सिलेंडर में रीफिलिंग करते समय आग लग गई और सिलेंडर फट गया। एक सिलेंडर के फटने के बाद छह और सिलेंडर भी तेज धमाके के साथ फट गए। हादसे के दौरान घर में एक ही परिवार के 16 लोग मौजूद थे। जिनमें से दो बच्चों समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 16 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि इनमें से आठ लोग करीब 80 फ़ीसदी तक जल चुके हैं। एक के बाद एक तेज धमाकों से आसपास के इलाके में कोहराम मच गया। घर के आसपास खड़ी गाडियां भी आग की चपेट में आ गईं। तत्काल मामले की सूचना पुलिस प्रशासन को दी गई। हादसे के बाद जांच के दौरान पुलिस ने घर से करीब चार दर्जन गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। जिला कलेक्टर जोधपुर हिमांशु गुप्ता ने अस्पताल पहुंच कर घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।

मामले में सीएम गहलोत ने ट्वीट कर जताया दुख

मामले में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि जोधपुर में मगरा पूंजला इलाके के कीर्ति नगर में गैस सिलेंडर फटने से 4 लोगों की मृत्यु एवं कई लोगों के घायल होने की जानकारी बेहद दुखद है। स्थानीय प्रशासन से पूरी घटना की जानकारी ली है एवं घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करे एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करे। हादसे में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।

Tags

Next Story