Rajasthan Weather Update : राजस्थान में ठंड का बढ़ा प्रकोप, माउंट आबू में पारा जमाव बिंदू से नीचे

Rajasthan Weather Update : राजस्थान में ठंड का बढ़ा प्रकोप, माउंट आबू में पारा जमाव बिंदू से नीचे
X
राजस्थान में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। राज्य के विभिन्न शहरों में शीतलहर ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। यहां ठंड का प्रकोप बढ़ने के साथ ही घने कोहरे ने भी परेशानी बढ़ाई हुई है। राज्य में सबसे ज्यादा ठंड का असर माउंट आबू में देखने को मिल रहा है।

जयपुर। राजस्थान में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। राज्य के विभिन्न शहरों में शीतलहर ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। यहां ठंड का प्रकोप बढ़ने के साथ ही घने कोहरे ने भी परेशानी बढ़ाई हुई है। राज्य में सबसे ज्यादा ठंड का असर माउंट आबू में देखने को मिल रहा है। यहां रविवार रात पारा जमाव बिंदु से नीचे चला गया। वहीं, राज्य के विभिन्न इलाकों में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के एक मात्र पहाड़ी पर्यटन स्थल माउंट आबू में रविवार रात न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह, राज्य के मैदानी भागों में बीती रात सीकर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री, पिलानी में 6.4 डिग्री, जैसलमेर में 7.4 डिग्री, बीकानेर में 7.6 डिग्री, चुरू में 7.7 डिग्री, गंगानगर में 8.9 डिग्री, वनस्थली में 9.4 डिग्री, और फलौदी में 9.8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम राजस्थान के बीकोनर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चुरू, झुंझुनू और सीकर जिलों में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा।

पेड़ों पर जम गई बर्फ की परत

मौसम विभाग के मुताबिक दिन के साथ ही करीब एक दर्जन जिलों में रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। करीब एक दर्जन जिलों में रात का तापमान जहां 10 डिग्री के नीचे पहुंच चुका है तो वहीं 0.4 के साथ माउंटआबू में सबसे सर्द रात दर्ज की गई। इससे पेड़ों पर बर्फ की परत जम गई। हालांकि करीब एक दर्जन जिलों में अभी भी रात का तापमान 14 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। प्रदेश के सात जिलों में आगामी 48 घंटे घना कोहरा छाने के आसार है। कई शहरों में ठंडी हवाएं चलीं, जिससे सुबह-शाम गलन बढ़ गई। श्रीगंगानगर में दिन का पारा 5 डिग्री लुढ़ककर रविवार को 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

आने वाले दिनों और बढ़ेगी सर्दी

मौसम विभाग जयपुर केंद्र के प्रभारी आरएस शर्मा ने बताया कि आगामी दिनों में प्रदेश में सर्दी अपना और असर दिखाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिन अधिकतम तापमान में कुछ खास परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में अगले चौबीस घंटे में 2 से 3 डिग्री गिरावट होने का अनुमान है। वहीं अगले पांच दिन में रात का तापमान 5 डिग्री तक लुढ़ककर 16 से 11 डिग्री सेल्सियस पर आने की उम्मीद है। दिन के तापमान में फिलहाल हल्की गिरावट होगी, लेकिन इसके बाद में 1 से 2 डिग्री तक पारा बढ़ेगा।

Tags

Next Story