पूनिया ने सीएम गहलोत पर साधा निशाना, बोले- कांग्रेस 'यू-टर्न' सरकार, अपनी बात से पलटने में माहिर

जयपुर। राजस्थान में जब से राजनीतिक संकट गहराया है तब से आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। हर कोई इस मौके का फायदा उठा कर दूसरे पर आरोप मढ़ रहा है। इसी बीच अब भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा है। पूनिया ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार 'यू-टर्न' सरकार है और अपनी बात से 'पलटने' में माहिर हैं।
सचिन पायलट खेमे के विधायकों पर लगाई गई धारा 124 ए (राजद्रोह) को सरकार द्वारा वापस लेने का जिक्र करते हुए पूनियां ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा था कि 124ए गलत हुई तो इस्तीफा दे दूंगा, अब इस्तीफा क्यों नहीं देते? उन्होंने कहा कि राजस्थान तलवार और बात के धनी लोगों की धरती कही जाती है, अपनी बात से पलट कर मुख्यमंत्री कितने दिन सरकार चलायेंगे।
पूनियां ने कहा कि कांग्रेस पार्टी टूट रही है और मुख्यमंत्री और उनके मंत्री बयान जारी कर हमारी पार्टी की फिक्र कर रहे हैं, वे अपने घर को बचायें हमारी चिंता करना छोड़े, हमारे यहाँ सब कुछ बढ़िया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जैसलमेर के होटल के अंदर बाड़े में जो विधायक रह रहे हैं वे मुख्यमंत्री की नजर में संदिग्ध है, जिन पर मुख्यमंत्री को विश्वास नहीं है। इसलिए विधायकों को पुलिस के कड़े पहरे में होटल के बाड़े में रखा जा रहा है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां लगातार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर आरोप लगाते रहे हैं। जब से राजस्थान में राजनीतिक संकट गहराया है तब से आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी ही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS