कोरोना से जंग हार गए राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया, राज्य में एक दिन का राजकीय शोक घोषित, दिल्ली में होगा अंतिम संस्कार

कोरोना से जंग हार गए राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया, राज्य में एक दिन का राजकीय शोक घोषित, दिल्ली में होगा अंतिम संस्कार
X
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया का बुधवार की देर रात निधन हो गया। राज्य सरकार ने उनके निधन पर एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।

जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया (Rajasthan Former Chief Minister Jagannath Pahadia) का बुधवार की देर रात निधन हो गया। राज्य सरकार ने उनके निधन पर एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। पूर्व मुख्यमंत्री कोरोना संक्रमित (Corona Positive) थे। प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (CM Ashok Gehlot) ने पहाड़िया के निधन पर शोक जताया है। गहलोत ने ट्वीट किया कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया के निधन की खबर बेहद दुखद है। पहाड़िया ने मुख्यमंत्री, राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री के रूप में लम्बे समय तक देश की सेवा की, वे देश के वरिष्ठ नेताओं में से थे।'

गहलोत के अनुसार पहाड़िया हमारे बीच से कोरोना की वजह से चले गए, उनके निधन से मुझे बेहद आघात पहुंचा है। उन्होंने लिखा कि शुरू से ही उनका मेरे प्रति बहुत स्नेह था, उनके जाने से मुझे व्यक्तिगत क्षति हुई है। एक सरकारी प्रवक्ता के अनुसार 20 मई (गुरूवार) को दोपहर 12 बजे राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक होगी, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया के निधन पर शोकाभिव्यक्ति होगी। पहाड़िया के सम्मान में एक दिन का राजकीय शोक रहेगा एवं राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, सभी सरकारी कार्यालयों में 20 मई का अवकाश रहेगा। पहाड़िया की अंत्येष्टि राजकीय सम्मान से होगी।

इन नेताओं ने जताया शोक

पहाड़िया के निधन पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, विधानसभा स्पीकर सीपी जोशी, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, प्रदेश प्रभारी अजय माकन, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां, सचिन पायलट और राज्यपाल कलराज मिश्र सहित कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।

दिल्ली के लोधी रोड पर होगा अंतिम संस्कार

वहीं पहाड़िया के परिवारजनों की मानें तो उनका अंतिम संस्कार गुरुग्राम में होगा। कहा जा रहा है कि दोपहर 12 बजे उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा उनके परिवार जन मौजूद रहेंगे।

Tags

Next Story