कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच जोधपुर में लगेगा सप्ताहांत का लॉकडाउन

जोधपुर (राजस्थान)। राजस्थान में कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामलों ने रफ्तार पकड़ ली है। वहीं राजस्थान के जोधपुर में कोरोना के मामलों में वृद्धि दर्ज हो रही है। यहां स्थिति भयावह रूप लेती जा रही है। इसी को देखते हुए प्रदेश सरकार ने एक अहम निर्णय लिया है। जोधपुर में अचानक कोविड-19 मरीजों की संख्या और संक्रमण से मौत के मामले बढ़ने के बीच शनिवार को सप्ताहांत का लॉकडाउन शुरू हुआ। पुलिस और नगर निकाय के अधिकारियों ने शहर के विभिन्न इलाकों में मार्च निकाला और लोगों को मौजूदा परिस्थिति के प्रति जागरूक किया और उनसे घरों में ही रहने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने कहा कि हमने यह फैसला (लॉकडाउन का) शहर में बढ़ते मामलों पर विचार करने के बाद लिया। हम उम्मीद करते हैं कि लोग इसका अनुपालन करेंगे। अगर वे स्थिति की गंभीरता को अब नहीं समझेंगे तो बहुत देर हो जाएगी।
उल्लेखनीय है कि शहर में गत दो दिनों में संक्रमण के करीब 1,200 मामले सामने आए हैं जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर भारी दबाव उत्पन्न हो गया है। इसके अलावा इस महीने जोधपुर में 150 लोगों की मौत कोविड-19 की वजह से हुई है। जोधपुर में सोमवार तड़के तक लॉकडाउन लागू रहेगा। आवश्यक सेवाओं को पाबंदी से छूट दी गई है। विभिन्न परीक्षाओं में शामिल होने विद्यार्थियों को आवाजाही की अनुमति होगी। यह दूसरा सप्ताहांत लॉकडाउन है जो जोधपुर में लागू किया गया है। इससे पहले अगस्त महीने में भी शहर में सप्ताहांत में लॉकडाउन लगाया गया था। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन लगातार अस्पतालों की क्षमता बढ़ाने का प्रयास कर रहा है ताकि कोविड-19 मरीजों की बढ़ती संख्या को संभाला जा सके।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS