किरोड़ीलाल मीणा ने सचिन पायलट को दिया ऑफर, कांग्रेस में हो रही है घुटन तो भाजपा में आकर लीजिए खुली सांस

जयपुर। राजस्थान में पिछले साल सरकार पर राजनीतिक संकट गहराया था जिसकी चर्चा पूरे देश में चली थी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (CM Ashok Gehlot) और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट (Sachin Pilot) के बीच रिश्तों में खटास इस कदर बढ़ गई थी कि इनके अलग गुट तक बन गए थे। मगर ये संकट ज्यादा गरमाया नहीं बल्कि सहमति से मतभेदों का हल जरूर निकल गया। लेकिन इस मामले को एक बार फिर से हवा मिल सकती है। सचिन पायलट को लेकर राज्यसभा सांसद किरोड़ीलाल मीणा (Kirodi Lal Meena) ने बड़ा बयान दिया है। दौसा में विद्युत निगम कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में किरोड़ी ने कहा कि कांग्रेस नेता सचिन पायलट को धैर्य रखना चाहिए। धैर्य रखेंगे तो वह सबकुछ मिलेगा, जिसके वह हकदार हैं। कांग्रेस में घुटन महसूस हो तो वह भाजपा में आएं, उन्हें भाजपा में खुली हवा में सांस लेने का मौका मिलेगा। उन्हें वह सब मिलेगा, जिसके वह हकदार हैं। किरोड़ी ने कहा कि कांग्रेस ने पायलट को लाइन में खड़ा कर दिया है। जबकि वह ऊर्जावान नेता हैं। लम्बी रेस के घोड़े हैं। कांग्रेस में खींचतान अधिक है। कांग्रेस की यह लड़ाई प्रदेश के लिए घातक है। राज्य का विकास नहीं हो पा रहा है। उन्होंने उदाहरण दिया कि अमरीका के वर्तमान राष्ट्रपति ने 1988 में राष्ट्रपति पद पर चुनाव लड़ा था, वह अब राष्ट्रपति बने हैं।
भाजपा में बढ़ती गुटबाजी पर दिया ये बयान
वहीं भाजपा में तेज हुई गुटबाजी के बीच पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को लेकर किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि राजे जनाधार वाली नेता हैं। उन्हें साइडलाइन करने का सवाल ही नहीं उठता। न ही वह पार्टी से अलग होने की सोच रही हैं। किरोड़ी ने मंगलवार को जयपुर में एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा, राजे को लेकर मीडिया में जो खबरें आ रही हैं, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। राजे प्रदेश भाजपा में सर्वमान्य हैं या नहीं, इस सवाल पर मीणा ने कहा कि राजे जनाधार वाली नेता हैं। उनके अलावा भी कई नेता हैं। उम्मीद करता हूं कि राजे पार्टीलाइन पर चलेंगी, इसे कभी नहीं तोड़ेंगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS