राजस्थान में Bird Flu पर राजनीति: भाजपा विधायक बोले- किसान आंदोलन की वजह से फैल रही बीमारी, कांग्रेस ने दिया करारा जवाब

दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन को लेकर देशभर में बवाल मचा हुआ है। एक तरफ किसान अपनी मांगों पर अड़े हैं तो दूसरी तरफ राजनीतिक गलियारे में भी हलचल तेज है। नेताओं के बयान आजकल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खूब सुर्खियों में हैं। वहीं भाजपा के प्रदेश महामंत्री और रामगंजमंडी के विधायक मदन दिलावर ने किसान आंदोलन को लेकर विवादित बयान दिया है।
दिलावर ने आरोप लगाया है कि किसान आंदोलन में बैठे किसान हर रोज चिकन बिरयानी सहित अन्य लजीज खानों की पार्टियां कर रहे हैं। इससे बर्ड फ्लू का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। देश में बर्ड फ्लू फैलाने में इस किसान आंदोलन का बड़ा हाथ है। यही नहीं दिलावर ने किसान आंदोलन में शामिल लोगों में आतंकवादियों के छुपे होने का भी अंदेशा जताया है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि इतनी बड़ी संख्या में डेरा जमाए बैठे आंदोलनकारियों को अब सरकार को सड़क से उठा देना चाहिए नहीं तो बर्ड फ्लू जैसी घातक बीमारी फैलाने में यह किसानों का तथाकथित आंदोलन देश में बड़ा संकट पैदा कर देगा।
कांग्रेस ने किया पलटवार
भाजपा विधायक मदन दिलावर के आपत्तिजनक बयान का कांग्रेस ने तुरंत पलटवार किया है। राजस्थान में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता एवं विधायक मदन दिलावर के किसानों के प्रति दिए बयान को शर्मनाक बताते हुए कहा है कि इससे भाजपा की सोच लोगों के सामने आ गई है। डोटासरा ने दिलावर के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कही।
डोटासरा ने कहा कि भाजपा के विधायक मदन दिलावर का किसानों के लिए आतंकवादी, लुटेरे जैसे शब्दों का इस्तेमाल करना शर्मनाक है। जिस अन्नदाता ने आपके पेट में अन्न पहुंचाया उनके आंदोलन को पिकनिक और बर्ड फ्लू के लिए जिम्मेदार बताया जा रहा है। उनका यह बयान भाजपा की सोच दर्शाता है। इसी तरह राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने भी दिलावर के बयान को शर्मनाक बताते हुए इसे सुनिश्चित रणनीति करार दिया हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS