राज्यपाल कलराज मिश्र बोले- राजस्थान का सतत, समग्र एवं संतुलित विकास हो

जयपुर। राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि राज्य के सतत, समग्र एव संतुलित विकास के लिए कौशल विकास, जन स्वास्थ्य, अनुसूचित जनजाति कल्याण, विधिक साक्षरता, उच्चशिक्षा, सामाजिक उद्यमिता, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में कार्य करने के लिए रणनीति बनानी होगी।
मिश्र ने यहां राजभवन में राज्यपाल सलाहकार मंडल की पहली बैठक को ऑनलाइन संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं में आत्मविश्वास पैदा करना होगा ताकि वे पढ़-लिख कर अपने गांवों में ही अपना व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन सके। राज्यपाल ने कहा कि हमें युवाओं को अच्छी शिक्षा देनी होगी क्योंकि हमारा भविष्य उनके हाथ में है। वह पढ़े लिखे होंगे तभी तो देश तरक्की करेगा।
राज्यपाल ने राज्य के समग्र विकास से संबधित प्रकरणों पर समय-समय पर परामर्श लेने के लिए जुलाई माह में ही राज्यपाल सलाहकार मंडल का गठन किया था। मंडल के अध्यक्ष राज्यपाल मिश्र हैं। मंडल में विभिन्न क्षेत्रों के सात विषय विशेषज्ञों को सदस्य बनाया गया है। यह सलाहकार मंडल राज्यपाल को उच्च शिक्षा, विधि, प्रशासन, उद्योग, अर्थशास्त्र, सामाजिक उद्यम, अनुसूचित जनजाति क्षेत्र विकास, पर्यटन, कला व संस्कृति, महिला सशक्तिकरण, अभाव अभियोग निराकरण, कानून एवं व्यवस्था, रोजगार सृजन, जल संरक्षण व सैनिक कल्याण जैसे विषयों पर परामर्श देगा।
राज्यपाल मिश्र ने कहा कि पहली बैठक परिचयात्मक रही। सभी सदस्यों से वीडियों कान्फ्रेन्स के माध्यम से विभिन्न विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया। उन्होंने बताया कि इस सलाहकार मंडल की बैठक वर्ष में कम से कम दो बार आयोजित होगी और सभी सदस्य अवैतनिक रूप से कार्य करेंगे। राज्यपाल मिश्र ने कहा कि राज्य के समग्र विकास के लिए योजनाओं को धरातल पर क्रियान्वयन करना होगा। इसके लिए एक रोडमैप तैयार कर कार्य आरम्भ किया जायेगा ताकि प्रदेश का सतत्, संतुलित व चहुंमुखी विकास हो सके।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS