Rajasthan: प्रतापगढ़ में महिला को ससुराल पक्ष ने जमकर पीटा, निर्वस्त्र कर घुमाया, BJP ने सरकार को घेरा

Pratapgarh Crime: राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में एक महिला को उसके पति और ससुराल वालों ने पीटा और नग्न कर घुमाया। एक वीडियो वायरल होने के बाद यह घटना सामने आई। यह घटना गुरुवार को जिले के धरियावद थाना क्षेत्र के पहाड़ा ग्राम पंचायत के निचलाकोटा गांव में हुई। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस-प्रशासन हरकत में आया। सीएम अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने मामले में तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शुक्रवार शाम को मामला पुलिस के संज्ञान में आया। कुछ ही समय बाद जिला पुलिस अधीक्षक, पुलिस महानिरीक्षक और संबंधित पुलिस स्टेशन के SHO अन्य पुलिस कर्मियों के गांव में पहुंचे। पीड़िता की एक साल पहले शादी हुई थी. आरोप है कि वह गांव में ही दूसरे व्यक्ति के साथ रहने लगी थी। घटना की निंदा करते हुए, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आरोपियों को जितनी जल्दी हो सके सलाखों के पीछे डाला जाएगा।
डीजीपी ने दी जानकारी
डीजीपी (DGP) ने जानकारी देते हुए कहा कि महिला के ससुराल वालों ने यह जघन्य अपराध किया। उन्होंने उसका अपहरण कर लिया और उसे अपने गांव ले गए जहां यह घटना हुई। वे नाराज थे क्योंकि वह शादी के बाद कहीं और चली गई थी। महिला का अपहरण करने के बाद उसके पति ने उसकी पिटाई की और उसे निर्वस्त्र कर गांव में करीब एक किलोमीटर तक घुमाया। उन्होंने कहा कि इस घटना में ससुराल पक्ष की कुछ महिलाएं भी शामिल दिखीं और मामले में आरोपी सभी लोगों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
राजस्थान बीजेपी नेता और चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी (CP Joshi) ने भी इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि आज राजस्थान फिर शर्मसार हुआ। धरियावद तहसील के पहाड़ा ग्राम पंचायत के निचले कोटा में हुई इस महिला अत्याचार की घटना की प्रशासन को भनक तक नहीं लगी। इससे पता चलता है कि बलात्कार और महिलाओं पर अत्याचार के मामले में राजस्थान पहले नंबर पर क्यों है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS