दहेज उत्पीड़न से परेशान होकर मां ने अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगाई, सबकी मौत

जयपुर। वैसे तो हमारे देश में महिलाएं अपने दम पर विकास की राह पकड़ रही हैं मगर अब भी कई जगह ऐसी हैं जहां महिलाओं के साथ अच्छा सुलूक नहीं किया जा रहा है। दहेज उत्पीड़ना जैसी घिनौनी चीजों के लिए आज भी महिलाओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। ऐसा ही शर्मनाक मामला राजस्थान के भरतपुर जिले के रूपवास थाना क्षेत्र में सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में कूद कर कथित रूप से आत्महत्या कर ली।
महिला के पिता की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति, सास, और पति के भाई के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। थानाधिकारी हुकुम सिंह ने बताया कि खानसुरजापुर गांव में मंगलवार को शारदा देवी (28) ने अपनी तीन बच्चों त्रिशा (6), अपूर्वा (4) और अवि उर्फ अविनाश (डेढ साल) को साथ लेकर खेत में बने एक कुएं में कथित रूप से छलांग लगा दी। घटना में चारों की मौत हो गयी है। पुलिस ने शवों का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा कर उन्हें परिजनों को सौंप दिया है।
उन्होंने बताया कि महिला का पति चेन्नई में नौकरी करता है, और वह यहां अपने सास—ससुर के साथ रह रही थी। अधिकारी ने बताया कि इस सिलसिले में महिला के पिता की शिकायत पर पति, सास और पति के भाई के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि शिकायत में आरोप लगाया है कि महिला का पति, उसकी सास और उसके पति का भाई दहेज के लिए उसे परेशान करते थे और उन्होंने ही चारों की हत्या कर उनके शवों को कुएं में फेंक दिया था। उन्होंने बताया कि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद हो सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS