उत्तरप्रदेश में आए 4412 नए कोरोना संक्रमित केस, रिकवरी रेट में लगातार हो रही बढ़ोतरी

उत्तरप्रदेश में आए 4412 नए कोरोना संक्रमित केस, रिकवरी रेट में लगातार हो रही बढ़ोतरी
X
उत्तर प्रदेश के योगी सरकार का दावा है कि यहां हर रोज 1.5 लाख से अधिक टेस्टिंग हो रही है। इस बीच राज्य में रिकवरी रेट में भी काफी सुधार देखने को मिल रहा है।

उत्तर प्रदेश में 4412 नए कोरोना केस सामने आए हैं। वहीं, अब तक कोरोना से मरने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 5517 पर पहुंच गई है। हालांकि राज्य में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

राज्य में रिकवरी रेट 83.64 प्रतिशत हो गया है। जबकि बीते 24 घंटे में 6546 कोरोना मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने शनिवार को बताया कि प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या अब घटकर 57086 हो गई है।

इसमें से 29266 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। वहीं 2629 मरीज प्राइवेट व 145 मरीज सेमी पेड अस्पतालों में अपना इलाज करा रहे हैं। अभी तक कुल 203246 मरीज होम आइसोलेशन में रहकर खुद को ठीक कर रहे हैं। इसमें से 173980 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।

एक करोड़ कोरोना सैंपल्स जांच करने का दावा

सरकार ने दावा किया है कि राज्य में लगातार 1.5 लाख से अधिक टेस्टिंग हो रही है। शुक्रवार को प्रदेश में 156828 सैंपल्स की जांच की गई। इसके साथ ही अब तक 94, 67,186 सैंपल्स की जांच की जा चुकी है। 30 सितंबर तक हम एक करोड़ कोरोना सैंपल्स की जांच कर लेंगे।

उधर, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने कहा कि प्रदेश में रिकवरी रेट और संक्रमित केस में कमी आ रही है। इससे कंटेनमेंट जोन की संख्या भी कम हो गई है। अभी राज्य में 18 हजार 510 कंटेनमेंट जोन रह गए हैं। इस कंटेनमेंट जोन में अभी तक 48, 997 केस मिले हैं।

Tags

Next Story