Agra Double Murder: आगरा में पत्नी और मासूम को तेजधार हथियार से मौत के घाट उतारा, हत्या की वजह चौंकाने वाली

आगरा के खंदौली में पत्नी और मासूम बेटी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घर में बेटा भी सो रहा था, लेकिन वो सुरक्षित बच गया। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है। अभी तक कि पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, जो कि हत्या के पीछे की अहम वजह हो सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक खंदौली थाना के पैंतखेड़ा निवासी मनमोहन सिंह अपने परिवार के साथ रह रहा था। मनमोहन सिंह आगरा में ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करता है। घर में उसकी पत्नी ममता, सवा साल की बेटी सौम्या और तीन साल का बेटा आरव था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात को खाना खाने के बाद मनमोहन सिंह बाहर घूमने गया। इसके बाद जब लौटा तो मनमोहन और ममता के बीच झगड़ा हो गया। आरोप है कि इस विवाद के चलते मनमोहन सिंह ने ममता और अपनी सवा साल की बेटी सौम्या को चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि मनमोहन सिंह का बेटा आरव दूसरे कमरे में सो रहा था, इस वजह से वो बच गया। वारदात के बाद से मनमोहन सिंह फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
यह हो सकती है हत्या के पीछे की वजह
मृतका के भाई जवाहर सिंह ने आरोप लगाया कि मनमोहन सिंह का एक महिला से अवैध संबंध चल रहा है। ममता और मनमोहन में इस बात को लेकर अक्सर झगड़ा होता था। उन्होंने आरोप लगाया कि मनमोहन सिंह बीती रात भी महिला से फोन पर बात करने गया होगा और इसका विरोध करने पर उसने हत्या की होगी। परिजन बिलख रहे हैं कि आखिर सवा साल की सौम्या का तो कुछ भी कसूर नहीं था। उसे क्यों मार दिया गया।
शवों को सबसे पहले पड़ोसियों ने देखा
पुलिस ने बताया कि यह हत्या रात को की है और वारदात की जानकारी सुबह सात बजे मिले। दरअसल, पड़ोस में रहने वाले उसके चाचा हरिओम घर पहुंचे तो वहां ममता और सौम्या का खून से लथपथ शव देखकर सकते में आ गए। उन्होंने आरव की तलाश की तो वो एक अन्य कमरे में सोता मिला। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को वारदात की सूचना दी। गांव में दोहारे हत्याकांड से पुलिस भी सन्न है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी का कहना है कि मृतका का पति फरार है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द इस मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS