Meerut: गंगा नदी में 15 यात्रियों से भरी नाव पलटी, एक की मौत, चार लापता

Meerut: गंगा नदी में 15 यात्रियों से भरी नाव पलटी, एक की मौत, चार लापता
X
हस्तिनापुर के भीमकुंड गंगा घाट के नजदीक इस नाव में करीब 15-16 लोग सवार हुए थे। नाव पलटने से अभी तक लापता लोगों में से एक का शव बरामद हुआ है। रेस्क्यू अभियान जारी है।

मेरठ से बिजनौर की ओर जा रही नाव आज सुबह गंगा नदी में पलट गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लापता बताए जा रहे हैं। जिला प्रशासन मौके पर मुस्तैद है। रेस्क्यू टीमें लापता लोगों की तलाश में जुटी है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। हादसे की वजह नाव का एक पिल्लर से टकराना बताया जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हस्तिनापुर के भीमकुंड गंगा घाट के नजदीक इस नाव में करीब 15-16 लोग सवार हुए थे। इनमें अध्यापक और छात्रों समेत किसान और अन्य लोग मौजूद थे। घाट के पास पुल के टूटे हिस्से से नाव टकरा गई। इससे अनियंत्रित नाव पलट गई। हादसा होते ही अफरातफरी मच गई। लोग बचाने के लिए चिल्लाने लगे।

गंगा नदी में गिरे 12 लोग खुद तैरकर किनारे तक पहुंचे, लेकिन चार लोग लापता हैं। बताया जा रहा है कि इस हादसे में मोनू पुत्र अनिल निवासी ग्राम रावा मोहम्मदपुर जानी की मौत हो गई है। उसका शव बरामद किया गया है। हालांकि प्रशासन की ओर से भी अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

डीएम डी मीणा ने बताया कि पीएसी बाढ़ कंपनी से नाव मंगवाई गई थी। एनडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। पुलिस और एंबुलेंस मौके पर मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि पिछली बार आई बाढ़ के कारण पुल का संपर्क मार्ग पहले टूट गया था। जलस्तर कम होने पर इस पर काम शुरू हो जाएगा। स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दे दी गई है।

जलशक्ति मंत्री दिनेश खटीक मौके पर पहुंचे

हादसे की सूचना पाकर प्रदेश के जल शक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक मौके पर पहुंचे। यहां उन्होंने बचाव एवं राहत कार्य का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उधर, हादसे के बाद से लापता लोगों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लापता लोगों में शिक्षक महेश कुमार, मोनू टावर कर्मी, अरुण निवासी भीम नगर बताए गए हैं।

Tags

Next Story