सहारनपुर में प्रेमिका को गोली मारने वाले प्रेमी का शव मिला, लड़की की हालत अभी भी नाजुक

सहारनपुर में प्रेमिका को गोली मारने वाले प्रेमी का शव मिला, लड़की की हालत अभी भी नाजुक
X
गंगोह थाना क्षेत्र के सांगाखेड़ा गांव के रहने वाले 22 साल के रजत का गांव की ही लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती नाबालिग लड़की की हालत गंभीर बताई जा रही है।

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में प्रेमिका को गोली मारने वाले प्रेमी का शव गांव के बाहर पड़ा मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उधर, गोली लगाने से घायल प्रेमिका की हालत नाजुक बनी है। उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गंगोह थाना क्षेत्र के सांगाखेड़ा गांव के रहने वाले 22 साल के रजत का गांव की ही लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की नाबालिग बताई जा रही है। रजत लड़की पर दबाव बना रहा था कि वो उसके साथ घर से भाग जाए। लड़की लगातार इनकार करती रही। इस पर रजत मंगलवार देर रात करीब 12.30 बजे लड़की के घर पहुंचा और सीधे सीने में गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन जागे तो बेटी को लहुलूहान देखकर होश उड़ गए। इस दौरान आरोपी रजत मौके से फरार हो गया।

परिजनों ने अपनी बेटी को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी रजत की तलाश शुरू ही की थी कि आज सुबह गांव के बाहर रजत का शव पड़ा मिला। संबंधित पुलिस ने बताया कि रजत की मौत सिर पर गोली लगने से हुई है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। जांच चल रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags

Next Story