Presidential Election 2022: मायावती ने NDA प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू का किया समर्थन, बताई वजह

बहुजन समाजवादी पार्टी (BSP) ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की ओर से राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन दिया है। बसपा प्रमुख मायावती का कहना है कि हमने यह फैसला एनडीए और बीजेपी (BJP) के समर्थन में या फिर विपक्ष के खिलाफ नहीं लिया है। उन्होंने राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) के समर्थन की वजह भी बताई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बसपा सुप्रीमो मायावती ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हमने एनडीए के राष्ट्रपति चुनाव की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का फैसला किया है। हमने यह फैसला न तो भाजपा या एनडीए के समर्थन में और न ही विपक्ष के खिलाफ बल्कि अपनी पार्टी और आंदोलन को ध्यान में रखते हुए लिया है। उन्होंने कहा कि अपनी पार्टी के मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए एक आदिवासी समाज की योग्य और कर्मठ महिला को देश की राष्ट्रपति बनाने के लिए यह फैसला लिया है।
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि बीएसपी स्वतंत्र और निडर पार्टी है, जो कि उपेक्षित वर्ग के हित में कार्य करती है। अगर कोई अन्य पार्टी भी देश के उपेक्षित वर्ग के हित में कार्य करती है तो बसपा भी साथ ही खड़ी मिलेगी, चाहे पार्टी को इसका नुकसान भी क्यों ने झेलना पड़े। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी बाबा साहेब के सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी है।
विपक्ष पर साधा निशाना
मायावती ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमें विपक्षी दलों ने अलग रखा है। पश्चिम बंगाल की सीएम ने चुनिंदा दलों के नेता को रणनीति तैयार करने के लिए बुलाया तो वहीं शरद पवार ने भी जब बैठक बुलाई तो बसपा को आमंत्रित नहीं किया। उन्होंने कहा कि यह केवल दिखावे की एकता है। राष्ट्रपति चुनाव में भी विपक्षी दल मनमानी कर रहे हैं। एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के समर्थन के लिए हमें बीजेपी की टीम बी बताया जा रहा है, लेकिन हम एनडीए के लिए नहीं बल्कि आदिवासी प्रत्याशी के समर्थन में मतदान करेंगे।
बता दें कि राष्ट्रपति पद के लिए 18 जुलाई को चुनाव होगा। 18 जुलाई को चुनाव होगा, जबकि मतगणना 21 जुलाई को होगी। राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू का मुकाबला विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा से है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS