बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर अधीर रंजन चौधरी का बयान बेहद शर्मनाक, कांग्रेस मांगे माफी

बहुजन समाजवादी पार्टी (BSP) की सुप्रीमो मायावती (Mayawati) ने देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) पर कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी (Adhir Ranjan Chowdhury) की अशोभनीय टिप्पणी को शर्मनाक करार दिया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस (Congress) को इसके लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बसपा सुप्रीमो मायावती ने आज दो ट्वीट कर अधीर रंजन की अशोभनीय टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर प्रहार किया। उन्होंने पहले ट्वीट में लिखा कि भारत के सर्वोच्च पद पर आदिवासी समाज की पहली महिला के रूप में द्रौपदी मुर्मू जी का शानदार निर्वाचन बहुत लोगों को पसंद नहीं आया। इसी क्रम में लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करना अति-दुःखद, शर्मनाक व अति-निन्दनीय है।
उन्होंने दूसरे ट्वीट में लिखा, 'इनके द्वारा माननीया राष्ट्रपति जी को टीवी पर 'राष्ट्रपत्नी' कहने का विरोध करते हुए संसद की कार्यवाही भी आज बाधित हुई है। उचित होगा कि कांग्रेस पार्टी भी इसके लिए देश से माफी मांगे तथा अपनी जातिवादी मानसिकता का परित्याग करे।'
बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए बसपा सुप्रीमो मायावती ने द्रौपदी मुर्मू को ही समर्थन दिया था। उन्होंने कहा था कि यह समर्थन किसी सत्ता पक्ष या विपक्ष के खिलाफ नहीं दिया है बल्कि इसलिए दिया है क्योंकि बसपा ने हमेशा पिछड़े समाज के उत्थान के लिए ही कार्य किया है।
बीजेपी का कांग्रेस पर तीखा हमला
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर अधीर रंजन की आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ भाजपा हमलावर है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने इसे देश का अपमान बताया है। उन्होंने कहा कि जब से द्रौपदी मुर्मू का नाम राष्ट्रपति के उम्मीदवार के रूप में घोषित हुआ, तब से द्रौपदी मुर्मू कांग्रेस पार्टी की घृणा और उपहास का शिकार बनीं हैं। कांग्रेस स्वीकार नहीं कर पा रही कि एक आदिवासी महिला इस देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद को सुशोभित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी द्वारा नियुक्त नेता सदन अधीर रंजन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की, जो कि शर्मनाक बयान है। कांग्रेस को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।
अधीर रंजन माफी मांगने से कर चुके इनकार
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए दिए आपत्तिजनक बयान पर माफी मांगने का सवाल खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा है कि मैंने गलती से एक शब्द का इस्तेमाल कर दिया था। अगर गलती कर दी तो मुझे माफी दे सकते हैं। उन्होंने कहा था कि सत्ताधारी दल जानबूझकर साजिश में एक तिल से पहाड़ बनाने की कोशिश कर रहा है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS