Flood in UP: हमीरपुर के 90 गांव बाढ़ में डूबे, सीएम योगी ने किया हवाई सर्वेक्षण, दिए यह निर्देश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज हमीरपुर में बाढ़ प्रभावित गांवों का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। सीएम योगी ने बाढ़ प्रभावित लोगों को भरोसा दिया कि उन्हें प्रदेश सरकार की ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। हवाई सर्वेक्षण के बाद उन्होंने हमीरपुर में चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा बैठक की।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हमीरपुर में बाढ़ का मुख्य कारण यमुना और बेतवा नदी में बड़े पैमाने पर जल छोड़े जाना है। यमुना नदी में चंबल कोटा डैम राजस्थान से भारी मात्रा में पानी छोड़ा गया है। वर्तमान में 90 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। हमारे जनप्रतिनिधियों के साथ ही जिला प्रशासन और एसडीआरएफ आदि बचाव और राहत कार्यों में लगे हैं। बाढ़ प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बाढ़ के बीच फंसे परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम भी लगातार चल रहा है। आपदा निधि से प्रत्येक जिले को पहले ही पर्याप्त धनराशि मुहैया कराई जा चुकी थी। इस राशि से बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि बाढ़ का पानी जमा होने से डायरिया जैसी बीमारियां फैलने की भी आशंका बनी है। इस संबंध में अधिकारियों को बेहद निगरानी रखने के आदेश जारी किए गए हैं। सीएम ने आश्वस्त किया कि बाढ़ से अभी तक किसी भी व्यक्ति या पशु की मौत नहीं हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस प्राकृतिक आपदा से जो भी लोग प्रभावित हैं, उनकी हरसंभव मदद की जाएगी।
बता दें कि इससे पहले मुख्यमंत्री योगी इटावा और औरैया में हवाई सर्वेक्षण कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने बाढ़ से जनहानि होने पर चार लाख रुपये मुआवजा और आवास देने का भी ऐलान किया था। उधर, हमीरपुर के साथ ही अन्य कई जिलों में भी बाढ़ का कहर देखा जा रहा है। प्रयागराज में हजारों मकान बाढ़ के पानी में जलमग्न हो गए हैं। मंगलवार सुबह से बारिश भी हो रही है, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS