सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरु पूर्णिमा पर दिया गुरुमंत्र, कहा- आशावादी सोच से हर समस्या का समाधान संभव

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गुरु पूर्णिमा पर गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ महाराज एवं अन्य गुरुजनों की समाधि स्थल पर पूजा-अर्चना की। यह पर्व गुरु के प्रति आदर और श्रद्धा का भाव अर्पित करने का दिन है। ऐसे में गोरखनाथ मंदिर परिसर में आज सुबह से विशेष धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए। गुरु पूर्णिमा पर संत, गणमान्य नागरिक और गोरक्षपीठ से जुड़े लोग आयोजन में हिस्सा ले रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गोरखनाथ मंदिर परिसर में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें सीएम योगी ने कहा कि भारत की परंपरा में गुरु पूर्णिमा का अपना महत्व है। हमने आदिगुरु के रूप में वेदव्यास को सम्मान दिया, उनकी पावन जयंती की तिथि ही व्यास पूर्णिमा है और वही गुरु पूर्णिमा भी है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को सकारात्मक दृष्टिकोण रखना चाहिए। आशावादी लोग हमेशा सबसे कठिन समय में भी समाधान खोज लेते हैं। दूसरी ओर नकारात्मक दृष्टिकोण रखने वाला व्यक्ति समाधान की बजाय समस्या पर भी देखता रहता है और उसे कोई रास्ता नहीं मिलता। उन्होंने लोगों को संदेश दिया कि प्रत्येक व्यक्ति को सकारात्मक रहना चाहिए। सकारात्मक पक्ष केवल स्वयं व्यक्ति के लिए ही नहीं बल्कि समाज के विकास के लिए भी महत्वपूर्ण है।
सीएम योगी ने जनता दरबार लगाया
सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखपुर में जनता दरबार भी लगाया। इसमें सीएम योगी ने लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर कई समस्याओं का समाधान कराया तो वहीं अन्य समस्याओं की जांच कर जल्द से जल्द समाधान निकालने का निर्देश दिया। इस दौरान सीएम योगी ने बच्चों को स्नेहपूर्ण चॉकलेट भी वितरित कीं।
जनता को दी गुरु पूर्णिमा पर बधाई
सीएम योगी ने गुरु पूर्णिमा पर सुबह ट्वीट कर जनता को बधाई दी। उन्होंने लिखा, 'समस्त प्रदेश वासियों को पावन गुरु पूर्णिमा की हार्दिक बधाई। सभ्यताओं का उदय, संस्कृतियों का उत्कर्ष व महान विभूतियों का निर्माण पूज्य गुरुजनों के आशीर्वाद व मार्गदर्शन में ही होता है। अपने तप, त्याग और ज्ञान के आलोक से मानव समाज का उद्धार कर रहे सभी देवतुल्य गुरुजनों को नमन।'
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS