Kalyan Singh Health Update: पूर्व सीएम कल्याण सिंह की तबीयत में आंशिक सुधार, सीएम योगी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

Kalyan Singh Health Update: पूर्व सीएम कल्याण सिंह की तबीयत में आंशिक सुधार, सीएम योगी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
X
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को ब्रेन स्ट्रोक के बाद माइनर हार्ट अटैक आने पर तीन जुलाई की रात लखनऊ के राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था। तबीयत और ज्यादा खराब होने के बाद उन्हें रविवार को संजय गांधी पीजीआई में शिफ्ट किया गया

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की तबीयत में आंशिक सुधार आया है। हालांकि अभी भी उनके स्वास्थ्य पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान पहुंचकर उनका हाल जाना। इस दौरान कल्याण सिंह ने भी हल्की प्रतिक्रिया दी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सीएम योगी आदित्यनाथ यहां पर करीब दस मिनट तक रूके। उन्होंने डॉक्टरों से कल्याण सिंह के हेल्थ की अपडेट ली। डॉक्टरों ने सीएम योगी को बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का ब्लड प्रेशर और हार्ट बीट नियंत्रण में है। कल्याण सिंह के इलाज के लिए डॉक्टरों का एक पैनल बनाया गया है, जो कि 24 घंटे उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रहा है। सीएम योगी ने इस दौरान कल्याण सिंह से हाल पूछा, जिसके जवाब में उन्होंने आंखें हिलाकर प्रतिक्रिया देते हुए समझाने की कोशिश की कि वो ठीक महसूस कर रहे हैं।

बता दें कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को ब्रेन स्ट्रोक के बाद माइनर हार्ट अटैक आने पर तीन जुलाई की रात लखनऊ के राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत इतनी नाजुक थी कि जब सीएम योगी आदित्यनाथ उनसे मिलने पहुंचे थे तो कल्याण सिंह उन्हें पहचान नहीं पाए थे। डॉक्टरों ने बताया था कि 90 साल से अधिक उम्र के कल्याण सिंह की सोचने और समझने की क्षमता कमजोर हो गई है। अधिक आयु की वजह से उनके हृदय का ऑपरेशन भी नहीं हो सकता। यहां कल्याण सिंह की तबीयत बिगड़ने पर रविवार शाम संजय गांधी पीजीआइ में शिफ्ट किया गया था।

Tags

Next Story