World Environment Day : सीएम योगी ने लखनऊ में किया पौधारोपण...तो अखिलेश बोले- यूपी को फूलों से महकाएंगे

World Environment Day : सीएम योगी ने लखनऊ में किया पौधारोपण...तो अखिलेश बोले- यूपी को फूलों से महकाएंगे
X
विश्व पर्यावरण दिवस पर उत्तर प्रदेश में भी जगह-जगह कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अपना सहयोग दिया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी पौधारोपण किया।

विश्व पर्यावरण दिवस को लेकर उत्तर प्रदेश में भी आज जगह-जगह विशेष कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए लोग पर्यावरण संरक्षण के लिए अपना सहयोग दे रहे हैं। प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में पौधारोपण किया।

इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि पर्यावरण है तो प्रकृति भी है। प्रकृति है तो जीव सृष्टि भी है। हम सभी को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य करते रहना होगा। उन्होंने कहा कि पिछले साल कोविड महामारी के बावजूद 25 करोड़ से अधिक पौधे रोपने का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस साल भी हमने 30 करोड़ पौधे रोपने का लक्ष्य रखा है।

सीएम ने बताया कि वन महोत्सव के कार्यक्रम जुलाई के प्रथम सप्ताह से प्रारंभ होंगे। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे प्लास्टिक का इस्तेमाल न करें। कहा कि प्लास्टिक पर्यावरण के लिए कहीं न कहीं हानिकारक है, इसलिए हमने प्रदेश में प्लास्टिक प्रतिबंधित किया है। लोगों को इसके इस्तेमाल से पूरी तरह बचना होगा ताकि पर्यावरण को इससे नुकसान न पहुंचे।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी किया पौधारोपण

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि आज मैगनोलिया के 21 पौधे लगाए हैं और आने वाली बारिश के मौसम में फलों के पौधे भी लगाएंगे। सपा प्रमुख ने कहा कि उत्तर प्रदेश को फूलों से महकाएंगे और फलों से समृद्ध बनाएंगे।

वाराणसी में गंगा की आरती कर चलाया सफाई अभियान

विश्व पर्यावरण दिवस पर नमामि गंगे के सदस्यों ने गंगा की आरती करके लोगों को तुलसी के पौधे दिए। उन्होंने गंगा की तलहटी की सफाई भी की।

पुलिस विभाग ने भी मनाया विश्व पर्यावरण दिवस

प्रदेश के तमाम जिलों में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण किया, वहीं पौधे वितरित कर लोगों को भी इसके लिए जागरूक किया। लखनऊ में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने लोगों को वृक्षारोपण के लिए पौधे भेंट किए। उन्होंने कहा, "हमने कोरोना के समय देखा कि ऑक्सीजन की कितनी ज़रूरत है। हमने सोचा आज हम 500 घरों में डिलीवरी बॉय के माध्यम से पौधे पहुंचाएंगे।'


Tags

Next Story