UP Mission 2022 : यूपी जीतने के लिए प्रियंका गांधी ने दिया कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र, चुनावी गठबंधन पर भी बड़ा ऐलान

UP Mission 2022 : यूपी जीतने के लिए प्रियंका गांधी ने दिया कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र, चुनावी गठबंधन पर भी बड़ा ऐलान
X
उत्तर प्रदेश में तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिया कि अगस्त माह से प्रदेश में कैंप करेंगी। उन्होंने पार्टी से नाराज चल रहे कार्यकर्ताओं के लिए भी महत्वूर्ण संदेश दिया।

उत्तर प्रदेश में आने वाले विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज बड़ा ऐलान किया। उन्होंने जहां चुनाव लड़ने के लिए पूर्व सांसदों और विधायकों को आमंत्रित किया, वहीं पार्टी से दुखी कार्यकर्ताओं को भी मनाने की बात कही। यही नहीं, कांग्रेस महासचिव ने प्रदेश में अन्य राजनीतिक दलों के साथ चुनावी गठबंधन की संभावनाओं पर भी खुलकर रुख स्पष्ट किया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उत्तर प्रदेश में अपने तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए हम गठबंधन करने को तैयार हैं, लेकिन ध्यान रखेंगे कि इससे पार्टी की छवि को कोई नुकसान न पहुंचे। हम खुले विचारों के हैं, लेकिन गठबंधन से हमें नुकसान होता है। हम इस मुद्दे पर आगे की परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लेंगे।

प्रियंका गांधी ने कहा कि अगस्त महीने से मैं उत्तर प्रदेश में रहूंगी। उन्होंने कहा कि हम गांवों में अपने संगठन को मजबूत कर रहे हैं। हम पार्टी से नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने की भी कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने के लिए पूर्व सांसदों और विधायकों का भी स्वागत है।

कांग्रेस महासचिव ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वो पूरे उत्साह के साथ आने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल में बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस पार्टी के साथ जुड़े हैं। पार्टी में सभी को सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि अगर अगले सात महीने हमने मेहनत से कार्य किया तो विधानसभा चुनाव में अच्छे नतीजे आएंगे।

Tags

Next Story