Congress UP Mission 2022 : प्रियंका गांधी ने संगम पर लगाई डुबकी, मनकामेश्वर मंदिर जाकर मांगी मन्नत...

Congress UP Mission 2022 : प्रियंका गांधी ने संगम पर लगाई डुबकी, मनकामेश्वर मंदिर जाकर मांगी मन्नत...
X
कांग्रेस की सहारनपुर में हुई किसान महापंचायत के मंच से प्रियंका गांधी जिस तरह से केंद्र सरकार के खिलाफ मुखर हुईं, उससे स्पष्ट हो गया कि यूपी मिशन 2022 का आगाज हो चुका है। प्रियंका गांधी के आज के प्रयागराज दौरे के भी सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रयागराज पहुंचकर संगम पर आस्था की डुबकी लगाई। इसके बाद मनकामेश्वर मंदिर जाकर द्वारका शारदा पीठ के शंकराचार्य जगतगुरु स्वरूपानंद सरस्वती का आशीर्वाद लिया। हालांकि प्रियंका गांधी मौनी अमावस्या पर प्रयागराज आईं थीं, लेकिन उनके इस दौरे को सियासी नजर से देेखा जा रहा है।

मनकामेश्वर मंदिर जाने से पहले उन्होंने त्रिवेणी संगम पर आस्था की डुबकी लगाई। इसके बाद बोट राइड का भी मजा लिया। हालांकि इस दौरान उन्होंने कुछ ऐसा किया, जो सुरक्षा मापदंडों के लिहाज से बिल्कुल उचित नहीं है।

प्रियंका ने बोट राइड के दौरान लाइफ जैकेट निकाल दी। सुरक्षा नियमों के तहत ऐसा करना गलत है। हालांकि किसी प्रकार की कोई अनहोनी नहीं हुई। प्रियंका के साथ उनकी बेटी मिराया और बेटे रेहान ने भी संगम में डुबकी लगाई।

सहारनपुर के बाद प्रयागराज की भूमि से भी प्रियंका कृषि कानूनों के खिलाफ केंद्र पर निशाना साधना नहीं भूलीं। प्रयागराज पहुंचने के बाद उन्होंने ट्वीट कर लिखा, 'कृषि संबंधी तीन काले कृषि कानूनों की असलियत यही है कि किसानों के हित की उपेक्षा करते हुए भाजपा ने इन्हें खरबपति मित्रों के फायदे के लिए बनाया है। सहारनपुर किसान पंचायत में किसानों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस किसानों के हक की लड़ाई में साथ है और इन कानूनों को कभी लागू नहीं करेगी।'

इससे पूर्व प्रयागराज पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्र भी साथ आईं हैं। एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष अखिलेश यादव की अगुवाई में सैकड़ों छात्र उनका स्वागत करने पहुंचे थे।

प्रयागराज पहुंचने के बाद कांग्रेस महासचिव ने सबसे पहले आनंद भवन का रूख किया और देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की अस्थियों के स्थल पर जाकर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद आनंद भवन में ही चल रहे अनाथालय के बच्चों से मुलाकात की। करीब 50 यहां रहने के बाद वे अरैल घाट लिए रवाना हो गईं।


कांग्रेस की सहारनपुर के चिलकाना में हुई किसान महापंचायत के मंच से प्रियंका गांधी जिस तरह से केंद्र सरकार के खिलाफ मुखर हुईं, उससे स्पष्ट हो गया कि यूपी मिशन 2022 का आगाज हो चुका है। प्रियंका ने इस महापंचायत में शामिल होने से पहले शाकुंभरी देवी मंदिर के दर्शन किए थे। सीएम योगी आदित्यनाथ भी चुनाव 2019 से पहले मां शाकुंभरी देवी के दर्शन करने यहां आए थे, लेकिन उनके दौरे से विपरीत प्रियंका ने रायपुर स्थित खानगाह दरगाह में भी हाजिरी लगाई। ऐसे में जानकार इसे कांग्रेस की ओर से दिया गया राजनीतिक संदेश मानते हैं।



Tags

Next Story