यूपी मदरसों के सर्वे पर सवाल उठाए तो ओवैसी को मिला पलटवार, केशव प्रसाद मौर्य बोले- मुसलमानों को भड़काना बंद करो

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) ने यूपी के मदरसों के सर्वे (Madrasas Survey in UP) पर सवाल उठाने वाले एआईएमआईएम (AIMIM) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि ओवैसी देश की तरक्की करना नहीं देख सकते। वे मुसलमानों को गुमराह करते हैं ताकि वोट हासिल कर सकें। डिप्टी सीएम ने महंगाई के खिलाफ कांग्रेस (Congress) के हल्ला बोल (Halla Bol) पर भी हमला किया है। उनका कहना है कि कांग्रेस अपने अंत की ओर बढ़ रही है। उनके भ्रष्टाचार (Corruption) ने इस देश को खोखला करने का काम किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कौशंबी रवाना होने से पूर्व प्रयागराज में पत्रकारों से बातचीत करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यूपी सरकार मदरसों का सर्वे करा रही है ताकि किसी गलत हरकत का पता चल सके। यूपी के मदरसों का आधुनिकरण किया जा रहा है ताकि यहां पढ़ने वाले बच्चे आगे चलकर डॉक्टर और इंजीनियर बन सकें। उन्होंने ओवैसी पर निशाना साधते हुए कहा कि वो केवल अपनी राजनीति चमकाना चाहते हैं। इसके लिए मुसलमानों को गुमराह कर रहे हैं। वो मुसलमानों की बेहतरी नहीं देख सकते। उन्होंने कहा कि ओवैसी ने हैदराबाद के मुसलमानों के लिए भी कुछ नहीं किया है। वो केवल मुसलमानों को भड़काते हैं ताकि वोट हासिल कर सकें।
कांग्रेस के हल्ला बोल पर भी साधा निशाना
केशव प्रसाद मौर्य ने महंगाई के खिलाफ कांग्रेस के हल्ला बोल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महंगाई और भ्रष्टाचार की बात करती है। कांग्रेस अध्यक्ष (सोनिया गांधी) और पूर्व अध्यक्ष (राहुल गांधी) खुद भ्रष्टाचार करने के आरोपी हैं। कांग्रेस का अंत नजदीक है, उसका कोई भविष्य नहीं है। एक सवाल के जवाब में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस की रैली का बीजेपी सरकार पर कोई फर्क नहीं पड़ता। हम जनता के विकास के लिए कार्य करते हैं। कांग्रेस भ्रष्टाचार की जनक रही है। उनके भ्रष्टाचार ने इस देश को खोखला करने का काम किया है।
जानिये क्या कहा था ओवैसी ने
एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने मदरसों के सर्वे कराने की बात सामने आने पर कड़ी आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि मदरसे संविधान के अनुच्छेद 30 के अंतर्गत हैं, तो यूपी सरकार ने सर्वे कराने का आदेश क्यों दिया। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 30 के तहत सरकार हमारे अधिकारों में दखल नहीं दे सकती। उन्होंने यूपी सरकार पर मुस्लिमों का शोषण करने का आरोप लगाया। बोले कि यह सर्वे छोटे एनआरीसी की तरह होगा। उन्होंने कहा था कि यूपी सरकार मदरसों को मदद नहीं देते तो दखल क्यों दे रहे हो।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS