केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर कसा तंज, बोले- देशवासियों का मनोरंजन होगा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) आज कन्याकुमारी से कश्मीर (Kanyakumari To Kashmir) तक भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) शुरू करने वाले हैं। 3500 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करने वाली यह यात्रा 12 राज्यों के साथ ही दो केंद्रशासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। राहुल गांधी की इस यात्रा से कांग्रेस (Congress) को खासी उम्मीद है, तो वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) के तमाम नेता इस यात्रा पर सवाल उठा रहे हैं। खास बात है कि कई नेता ऐसे भी हैं, जो राहुल गांधी पर तंज भी कस रहे हैं। इसी कड़ी में यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य (Deputy CM Keshav Prasad Maurya) ने भी तंज कसा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने आज ट्वीट में लिखा, 'श्री राहुल गांधी जी को देश जोड़ो के स्थान पर कांग्रेस बचाओ यात्रा निकालो, देश एकजुट और अखंड है, वैसे जब तक यात्रा चलेगी, तब तक देशवासियों का मनोरंजन होगा!'
श्री राहुल गांधी जी को देश जोड़ो के स्थान पर कांग्रेस बचाओ यात्रा निकालो,देश एकजुट और अखंड है,वैसे जब तक यात्रा चलेगी,तब तक देशवासियों का मनोरंजन होगा!
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) September 7, 2022
उनके अलावा बीजेपी नेता और यूपी के पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने भी भारत जोड़ो यात्रा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि मुझे कांग्रेस और राहुल गांधी की यात्रा (भारत जोड़ी) की शब्दावली से परेशानी है। उन्होंने पूछा कि भारत टूटा कहां है, जो कि आप जोड़ने निकले हो। भारत बिखरा नहीं है तो आप ऐसा कैसे कह सकते हैं। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि आपने अपने मुद्दों के आधार पर भारत का बंटवारा किया है। यह यात्रा वोट पाने की यात्रा है।
बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा लॉन्च करेंगे। इससे पूर्व राहुल गांधी श्रीपेरुमबुदुर में अपने पिता राजीव गांधी के स्मारक पर प्रार्थना सभा में हिस्सा लेंगे। इस स्थान पर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या हुई थी। ब्लास्ट में राजीव गांधी के साथ जिन लोगों की मृत्यु हुई थी, राहुल गांधी उन परिवारों से भी मिलेंगे। इसके बाद कन्याकुमारी जाकर इस यात्रा की शुरूआत करेंगे। यह यात्रा अगले 150 दिनों में 12 राज्यों और दो केंद्र शासित राज्यों से गुजरते हुए कश्मीर तक पहुंचेगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS