अखिलेश यादव बोले- जो हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ है उसके साथ इतना बड़ा खिलवाड़ हो रहा

केंद्र सरकार के कृषि बिल के विरोध में किसान दिल्ली बॉर्डर पर 11 दिनों से डटे हुए हैं। किसानों के इस आंदोलन को सभी विपक्षी दलों को समर्थन मिल रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार से किसानों के समर्थन में पदयात्रा का ऐलान किया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अखिलेश यादव किसानों के समर्थन में एसपी की प्रदेशव्यापी किसान पदयात्रा का शुभारंभ कन्नौज से करेंगे। अखिलेश यादव ने पदयात्रा का ऐलान करते हुए कहा कि, हमारी पार्टी किसानों की मांगों का समर्थन करती है।
केंद्र की मोदी सरकार तीनों किसान विरोधी कानून वापस ले. जब तक यह कानून वापस नहीं होता तब तक पार्टी पूरे प्रदेश में लगातार पदयात्रा आयोजित करेगी। अखिलेश यादव खुद कन्नौज के मंडी से किसान बाजार तक पदयात्रा में शामिल होंगे।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि जो हमारा पेट भरता है, जो हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ है उसके साथ इतना बड़ा खिलवाड़ हो रहा है। किसान हज़ारों-लाखों की संख्या में दिल्ली के पास कड़ाके की सर्दी में बैठे हैं और कोई सुननेवाला नहीं है।
आगे कहा कि किसानों का धान और मक्का न्यूनतम समर्थन मूल्य पर नहीं खरीदा जा रहा है। महंगाई लगातार बढ़ रही है। कीटनाशकों के दाम बढ़ गए। खेती का लागत मूल्य में लगातार वृद्धि हो रही है और केंद्र सरकार किसानों से झूठे वादे कर रही है। यह कानून किसानों के लिए डेथ वारंट है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS