Farmers Protest: लखीमपुर खीरी में किसानों का प्रदर्शन शुरू, राकेश टिकैत बोले- मांगें नहीं मानी तो...

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी (Lakhimpur Kheri) में संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने चार दिवसीय विरोध प्रदर्शन (Protest) शुरू कर दिया है। केवल उत्तर प्रदेश से ही नहीं बल्कि आसपास के राज्यों से भी भारी संख्या में किसान पहुंचे हैं। किसानों की मांग है कि उन्हें न्याय दिया जाए और जिन किसानों पर केस दर्ज हुए हैं, उन केसों को जल्द से जल्द वापस लिया जाए। इसके अलावा अन्य भी कई मांगें हैं, जो पूरी न होने पर व्यापक आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है। किसान नेता राकेश टिकैत (Rakesh Tikait) ने भी विरोध प्रदर्शन को संबोधित कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि तिकुनियां कांड में चार किसानों और एक पत्रकार की हत्या के मामले में केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए। उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी हत्याकांड में निर्दोष किसानों को जेल में बंद किया गया है, उन्हें तुरंत रिहा किया जाए और उन पर दर्ज केस वापस लिए जाएं। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने भरोसा दिया था कि किसानों की मांगें पूरी की जाएंगी। हमने इसी भरोसे पर अपना आंदोलन वापस ले लिया था, लेकिन तब से अब तक किसान केवल खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।
राकेश टिकैत ने कहा कि सभी फसलों के ऊपर स्वामीनाथन कमीशन के द्वारा सी-2 +50% के फार्मूला से एमएसपी की गारंटी लागू करनी चाहिए। साथ ही सभी फसलों की बिकवाली एमएसपी के ऊपर होने की गारंटी करने वाला कानून भी लाया जाना चाहिए। उन्होंने राज्यों में भी किसानों पर दर्ज मामलों को भी वापस लेने की मांग की। राकेश टिकैत ने कहा कि अगर हमारी मांगें नहीं मानी जाती तो हम मुख्यालयों पर भी विरोध प्रदर्शन करेंगे।
योगेंद्र यादव बोले- टेनी ने रची थी साजिश
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए किसान नेता योगेंद्र यादव ने भी केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी को भी बर्खासत करने की मांग की। उन्होंने कहा कि टेनी ने ही तिकुनियां कांड की साजिश रची थी। तिकुनियां कांड में जो कुछ हुआ, वो जलियांवाला बाग कांड से कम नहीं था। भाजपा को टेनी की भूमिका की जांच करनी चाहिए। उन्होंने किसानों पर दर्ज मामलों को लेकर भी मोदी सरकार पर प्रहार किया।
कई बड़े किसान नेता मौजूद
लखीमपुर खीरी के धरना प्रदर्शन में पंजाब, राजस्थान और आसपास के राज्यों से बड़े किसान नेता मौजूद हैं। भारती किसान यूनियन (एकता उगराहां) के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह उगराहां का कहना है कि यह प्रदर्शन आज सुबह से अगले चार दिन तक चलेगा। बता दें कि विरोध प्रदर्शन के मंच पर मेधा पाटकर समेत तमाम अन्य किसान नेता भी मौजूद हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS