अयोध्या के दीपोत्सव की चकाचौंध देख विदेशी भी पहुंच रहे रामनगरी, पर्यटन विभाग उत्साहित

Ayodhya Deepotsav 2022: अयोध्या में 23 अक्टूबर को मनाए जाने वाले दीपोत्सव की तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही हैं। देश के तमाम राज्यों से ही नहीं बल्कि विदेशों से भी लोग रामनगरी की चकाचौंध देखने के लिए अयोध्या पहुंच रहे हैं। यही वजह है कि अयोध्या के तमाम होटल्स और धर्मशालाएं पूरी तरह बुक हो चुकी हैं। यही नहीं, स्थानीय कारोबारी बिक्री बढ़ने को लेकर खुश हैं तो वहीं पर्यटन विभाग भी खासा उत्साहित नजर आ रहा है।
उत्तर प्रदेश में योगी के सीएम बनते ही अयोध्या दीपोत्सव की शुरुआत 2017 से हो गई थी। साल दर साल इस आयोजन ने नित नया रिकॉर्ड हासिल किया। दीपोत्सव में जगमगाने वाले दीपों की संख्या बढ़ी तो वहीं पर्यटकों की संख्या में भी बढ़ोतरी होती चली गई। अयोध्या को रामनगरी के चलते विदेशभर में पहचान मिली है तो वहीं दीपोत्सव ने इसे अलग पहचान दी है। यही वजह है कि विदेशों से भी लोग भारी संख्या में दीपोत्सव को देखने के लिए अयोध्या पहुंच रहे हैं। चूंकि देश-विदेशों से लाखों लोगों के पहुंचने की संभावना है, लिहाजा शासन से लेकर प्रशासन तक तैयारियों में जुटे हैं।
होटल और धर्मशालाओं में जगह नहीं
दीपोत्सव के मद्देनजर एक सप्ताह पहले से धर्मशालाओं और होटल्स में बुकिंग शुरू हो गई थी। होटल व्यवसायी अनूप गुप्ता और आदित्य ने बताया कि सभी होटल्स और धर्मशालाओं में बुकिंग मिलना लगभग मुश्किल है। अनूप गुप्ता ने बताया कि उनके यहां तो दो सप्ताह पहले से ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई थी। इसी प्रकार आदित्य ने कहा कि उनके यहां भी लगभग सभी कमरे बुक हो चुके हैं। अगर आखिरी वक्त में कोई बुकिंग केंसिल करता है तो ही किसी अन्य को जगह मिल पाएगी।
अन्य कारोबारी भी खुश
अयोध्या के कारोबारी भी दीपोत्सव को लेकर बेहद खुश हैं। कारोबारी मुकेश मित्तल ने बताया कि चूंकि लाखों की संख्या में लोग अयोध्या पहुंच रहे हैं तो रामनगरी की निशानी के तौर पर खरीदारी करेंगे। विशेषकर धार्मिक आस्था से जुड़ी वस्तुएं, कपड़े, आभूषण आदि चीजों की बिक्री बढ़ना तय है। दीवाली नजदीक है, लिहाजा छोटे से छोटा और बड़े से बड़ा कारोबारी खुश है।
अयोध्या में 2017 से अब तक बढ़ी पर्यटकों की संख्या
साल पर्यटकों की संख्या
2017 17857858
2018 19563159
2019 20491724
2020 6196148
2021 15743790
2022 अगस्त तक 22138805
बता दें कि यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है। हालांकि 2020 और 2021 में कोरोनकाल के चलते पर्यटकों की संख्या कम रही। वहीं इस बार देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी 23 अक्टूबर को दीपोत्सव के त्योहार पर अयोध्या पहुंचेंगे। यहां 15 लाख से भी ज्यादा दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे में इस दीपोत्सव पर पर्यटकों की संख्या में भारी इजाफा होने की उम्मीद है।
लेखक- गिरीश पांडेय
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS