Lucknow: लखनऊ में मकान की छत गिरी, मलबे में दबे चार बच्चे, तीन की हालत गंभीर

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज बड़ा हादसा हो गया। आशियाना में अंसल आंगन के नाम से बनी रिक्शा कॉलोनी में करीब दोपहर एक बजे घर की छत ढह गई। हादसे में चार बच्चे मलबे के नीचे दब गए। हादसा होते ही लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को दी गई। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से चारों बच्चों को मलबे से बाहर निकाला और पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीन बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आशियाना में शहीदपथ के किनारे अंसल आंगन के नाम से रिक्शा कॉलोनी बसाई गई है। शनिवार दोपहर को अचानक एक क्वार्टर की छत ढह गई। इससे घर के भीतर खेल रहे 13 वर्षीय गोकुल रावत, 10 वर्षीय अनिल, 11 वर्षीय मनी और 22 वर्षीय शुभम मलबे के नीचे दब गए। हादसा होते ही चीख पुकार मच गई। धमाके की आवाज सुनते ही लोग दौड़ पड़े और मलबा हटाने का काम शुरू किया।
112 द्वारा हमें सूचना मिली की एक निर्माणाधीन मकान की दीवार गिर गई है जिसमें कुछ बच्चे फंसे हुए हैं। हमारी टीम मौके पर पहुंची। 4 बच्चे दबे थे। सभी को निकाल कर अस्पताल भेज दिया गया है। मलबे को हटाने का काम जारी है: प्राची सिंह, DCP पूर्वी लखनऊ pic.twitter.com/IrgNfGQkWT
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 8, 2022
साथ ही पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई। सूचना पाते ही पुलिस के साथ रेस्क्यू टीमें और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया। कड़े प्रयासों के बाद इन्हें मलबे से बाहर निकाला जा सका। इसके बाद घायलों को लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया। यहां से गोकुल, अनिल और मनी को गंभीर हालत के चलते ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। पूर्वी लखनऊ की डीसीपी प्राची सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुरूप आगे की कार्रवाई होगी।
लोगों ने किया हंगामा
इस हादसे के बाद यहां की कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोप लगाया कि इस कॉलोनी को एक साल पहले ही बसाया गया था। कॉलोनी में एक-एक क्वार्टर बना है। इसके निर्माण में लापरवाही बरती गई है। इस वजह से आए दिन मलबा गिरता रहता है, लेकिन पूरी छत ढह जाएगी, इसकी कल्पना नहीं की थी। पुलिस ने कॉलोनी बसाने वालों पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आश्वासन दिया कि हादसे के जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS