Sambhal Road Accident: संभल में दो बाइकों के बीच टक्कर में चार लोगों की मौत, दो की हालत गंभीर, सीएम योगी ने जताया शोक

Sambhal Road Accident: संभल में दो बाइकों के बीच टक्कर में चार लोगों की मौत, दो की हालत गंभीर, सीएम योगी ने जताया शोक
X
संभल-गजरौला हाईवे पर खग्गूपुर गांव के पास दोनों बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इन्होंने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था। उधर, बुलंदशहर में सात वर्षीय छात्र का शव नहर में बहता मिला है।

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में रविवार की सुबह दो बाइकों के बीच टक्कर हो गई। भीषण टक्कर में बाइक सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। साथ ही अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक संभल के नखासा थाना क्षेत्र के महमूदपुर कुंज गांव निवासी पुष्पेंद्र और बंटी शनिवार की देर रात घर लौट रहे थे। वहीं अमरोहा जिले के सैदनगली थाना क्षेत्र के सकतपुर गांव के रहने वाले उमेश, सुरेंद्र और योगेश बाइक पर सैदनग्ली से संभल की ओर जा रहे थे। संभल-गजरौला हाईवे पर खग्गूपुर गांव के पास दोनों बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए कामना की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

बता दें कि ट्रैफिक नियमों के अनुसार बाइक पर केवल दो बैठ सकते हैं, लेकिन इन दोनों घटनाओं पर तीन-तीन लोग सवार थे। इन्होंने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था। अगर हेलमेट पहने होते तो शायद उनकी जान बच सकती थी। उधर, बुलंदशहर के शेखुपुर गांव निवासी चंद्रपाल सिंह का सात वर्षीय बेटा हर्ष गांव पंडरावल के एसआर इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ने गया था। छुट्टी के बाद भी घर नहीं लौटा। परिजनों ने जब तलाश की तो कुछ पता नहीं चला। बाद में हर्ष का शव नहर में बहता मिला। परिवार में कोहराम है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Tags

Next Story