प्रयागराज में जन्माष्टमी पर लेटे हनुमान जी का हुआ गंगा स्नान, मंदिर में लगे जयकारे

प्रयागराज में जन्माष्टमी पर लेटे हनुमान जी का हुआ गंगा स्नान, मंदिर में लगे जयकारे
X
यूपी में गंगा और यमुना समेत तमाम अन्य नदियां भी उफान पर चल रही हैं। जन्माष्टमी पर मां गंगा का पवित्र जल लेटे हनुमान मंदिर तक पहुंचा तो भक्तों ने लगाए उद्घोष। पढ़िये रिपोर्ट...

प्रयागराज में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जन्माष्टमी पर गंगा का पवित्र जल संगम घाट के किनारे स्थित लेटे हनुमान मंदिर तक पहुंच गया है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मां गंगा हनुमान जी का स्नान कराने पहुंची हैं। यह अद्भूत नजारा देखकर भक्त जय मां गंगे और जय वीर हनुमान के उद्घोष लगा रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आज जन्माष्टमी है। कल रात करीब साढ़े 11 बजे मां गंगा का पवित्र जल लेटे हनुमान जी मंदिर तक पहुंच गया। भक्तों को लगा कि मां गंगा स्वयं वीर हनुमान जी को स्नान कराने पहुंची हैं। गंगा के जल ने जैसे ही मंदिर के भीतर प्रवेश किया, भक्तों ने जयकारे लगाए। मंदिर के महंत बलबीर गिरी जी महाराज ने मंत्रोच्चारण के साथ हल्दी, दूध, मध, घी आदि पंचम सामग्री से पूजन कर मां गंगा का स्वागत किया। महंत बलबीर गिरी जी महाराज ने कहा जन्माष्टमी पर मां गंगा का आना बेहद शुभ संदेश देती है। मां गंगा जलकल्याण और विकास के लिए ही धरती पर आई हैं। हम सभी ने देश की उन्नति की कामना की है।

यूपी में सभी नदियां उफान पर

यूपी में गंगा और यमुना समेत तमाम अन्य नदियां भी उफान पर चल रही हैं। यमुना नगर में स्थित हथिनीकुंड बैराज भी से काफी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। इससे प्रयागराज में भी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। 24 घंटे पहले प्रयागराज में यमुना का जलस्तर 80.05 मीटर पहुंच गया, जो कि खतरे का निशान से चार मीटर नीचे है। इसी प्रकार गंगा का जलस्तर भी बढ़कर 80.30 मीटर दर्ज हुआ है। दोनों नदियों का जलस्तर बढ़ने से तटीय इलाकों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

गोरखपुर जिला प्रशासन अलर्ट

गंगा का बहाव बढ़ता जा रहा है। संगम क्षेत्र भी जलमग्न हो गया है। नदियों में बाढ़ के चलते प्रयागराज जिला प्रशासन ने तटीय क्षेत्रों के लिए अलर्ट घोषित कर दिया है। डीएम संजय कुमार खत्री ने सभी एसडीएम, तहसीलदार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में दौरा करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस भी मुनादी करके लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील कर रहे हैं।

Tags

Next Story