Hathras Kand में अखिलेश यादव ने न्याय मांगा, पीड़िता बोली- सपा से जुड़ा है मुख्य आरोपी, फिर ऐसे हुआ पलटवार...

उत्तर प्रदेश के हाथरस में बेटी से छेड़छाड़ के बाद पिता को गोलियों से भून देने की घटना से सियासत में उबाल आ गया है। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने जहां पीड़िता का रोते हुए इंसाफ मांगने का वीडियो शेयर कर योगी सरकार पर निशाना साधा था, वहीं पीड़िता ने मुख्य आरोपी गौरव शर्मा के सपा से जुड़े होने का आरोप लगाया है। गौरव शर्मा की शिवपाल यादव समेत कई दिग्गज नेताओं के साथ फोटो वायरल भी हो रही हैं। वहीं सपा के कार्यक्रमों वाले बैनर में अखिलेश यादव के साथ लगी तस्वीरों में भी वो नजर आ रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इन तस्वीरों के वायरल होते ही सपा नेताओं ने भी फोटो शेयर की, जिसमें मुख्य आरोपी गौरव शर्मा अलीगढ़ से भाजपा सांसद सतीश गौतम के साथ नजर आ रहा है। ऐसे में भाजपा और सपा समर्थकों के बीच सोशल मीडिया पर जंग शुरू हो गई है।
सबसे पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने हाथरस कांड की पीड़िता का वीडियो शेयर कर प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधा था। हत्याकांड के बाद पीड़िता रोते हुए थाने पहुंची थी और न्याय की गुहार लगाई थी। अखिलेश यादव ने इस वीडियो को शेयर करते हुए ट्वीट पर लिखा, ' ''हाथरस की बेटी' के बाद अब हाथरस में एक और बेटी के साथ हुई छेड़खानी की शिकायत करने वाले पिता की सरेआम हत्या का दुर्दांत कांड हुआ है। भाजपा सरकार से हताश उप्र की नारियों ने अब तो इस सरकार से इंसाफ़ की माँग करना भी छोड़ दिया है। बहुत हुआ महिलाओं पर अत्याचार, अबकी बार भाजपा बाहर!।'
'हाथरस की बेटी' के बाद अब हाथरस में एक और बेटी के साथ हुई छेड़खानी की शिकायत करने वाले पिता की सरेआम हत्या का दुर्दांत कांड हुआ है।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) March 2, 2021
भाजपा सरकार से हताश उप्र की नारियों ने अब तो इस सरकार से इंसाफ़ की माँग करना भी छोड़ दिया है।
बहुत हुआ महिलाओं पर अत्याचार, अबकी बार भाजपा बाहर! pic.twitter.com/spGXWeqdW6
सपा प्रमुख ने मीडिया के समक्ष भी योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। हालांकि कुछ समय बाद ही पीड़िता का एक वीडियो वायरल हो गया, जिसमें वह मुख्य आरोपी गौरव शर्मा को समाजवादी पार्टी से जुड़ा बताते हुए एक नंबर आतंकवादी कह रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पीड़िता ने आरोप लगाया कि गौरव शर्मा समाजवादी पार्टी से जुड़ा है। कहा कि ये एक नंबर का आतंकवादी है। पीड़िता ने बताया कि सोमवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वो अपनी मां के साथ खेत में थी। पिता आलु खुदवा रहे थे। इस दौरान गौरव अपने साथियों के साथ खेत में पहुंचा और पापा को हमारे सामने ही गोली मार दी।
पीड़िता ने बताया कि गौरव ने 16 जुलाई 2018 को घर में घुसकर मेरे साथ छेड़खानी की थी। पापा ने केस दर्ज कराया तो गौरव को 15 दिन की जेल हुई थी। जेल से लौटने के बाद वो बदला लेने की फिराक में था। गौरव लगातार दबाव बना रहा था कि हम लोग केस वापस ले लें। पापा जब दबाव में नहीं आए तो उसने उनकी हत्या कर दी। पीड़िता ने कहा कि आरोपी को कड़ी सजा होनी चाहिए।
सपा ने ऐसे किया पलटवार
सोशल मीडिया पर पीड़िता का वीडियो वायरल होते ही सपा नेता भी मैदान में कूद गए। सपा नेताओं ने मुख्य आरोपी गौरव शर्मा की तस्वीरें शेयर की, जिसमें उसके अलीगढ़ से भाजपा सांसद सतीश गौतम के साथ नजर आने का दावा किया गया। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि गौरव शर्मा को सत्ता का संरक्षण प्राप्त था।
हाथरस की बेटी के पिता के हत्यारे गौरव शर्मा की अलीगढ़ के भाजपा सांसद के साथ की यह तस्वीर प्रमाणित कर रही है अपराधियों को भाजपा का संरक्षण मिला हुआ है।
— Pawan Panday (@pawanpandeysp) March 2, 2021
भाजपा ऐसी चलनी है जिसमें 72 नही बल्कि 72000 छेंद हैं।
शर्म करो, बेटी के परिवार को न्याय दो । pic.twitter.com/HDLOl80U7a
जिस प्रदेश के मुख्यमंत्री कहते हैं ठोंक दो। कई बार मैंने कहा कि जनता जानती नहीं किसको ठोंकना है। कई बार किसको कौन ठोंक दो यह नहीं पता है। मुख्यमंत्री पर सबसे ज्यादा गंभीर धाराएं थीं। इतनी गंभीर धाराएं देश के किसी मुख्यमंत्री पर नहीं थीं और वो धाराएं वापस ले ली गईं: अखिलेश यादव https://t.co/5V5r1bO8QA
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 2, 2021
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS