भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने यूपी मिशन 2022 के लिए दिया जीत का मंत्र, अपने मंत्रियों से कही ये बड़ी बात

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव और मिशन 2022 के लिए अपने मंत्रियों और कार्यकर्ताओं को जीत का गुरुमंत्र देने लखनऊ में हैं। आज उनके प्रवास का दूसरा और अंतिम दिन है। गुरुवार की देर शाम लखनऊ पहुंचते ही उन्होंने योगी सरकार के मंत्रियों के साथ बैठक की। हालांकि तय कार्यक्रम में देरी होने के कारण उन्हें कार्यकर्ताओं से मिलने का मौका नहीं मिला, लेकिन बावजूद इसके वे अपने मंत्रियों को ऐसी नसीहत दे गए, जिसकी अनदेखी खासकर पार्टी के निष्ठा कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाती है। नड्डा ने योगी सरकार के मंत्रियों से स्पष्ट कहा कि वे अपने कामकाज का तरीका बदलें और मैं की जगह हम की भावना से काम करने की आदत डालें। उन्होंने कहा कि अपनी उपलब्धियों को मैंने किया है, कहकर गिनाना बिल्कुल भी उचित नहीं है।
भाजपा अध्यक्ष ने मंत्रियों से कहा कि सप्ताह में दो दिन मंत्री अपने कार्यालय में जरूर बैठें और जनता के सवालों का भी सहजता से जवाब दें। साथ ही, केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएं। संपर्क-संवाद बढ़ाकर सेवा कार्यों के माध्यम से चुनावी तैयारियों में जुटें। महीने में एक बार अपने प्रभार वाले जिलों में जाएं। नड्डा ने कहा कि संगठन और सरकार में समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने मंत्रियों से चार साल का रिपोर्ट कार्ड भी मांगा।
केंद्र और प्रदेश सरकार के कार्यों को सराहा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ की मौजूदगी में हुई इस बैठक में नड्डा ने केंद्र व प्रदेश सरकार के कार्यों की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास के नए आयाम गढ़े जा रहे हैं। आत्मनिर्भर भारत का संकल्प साकार करने के लिए उत्तर प्रदेश का आत्मनिर्भर होना बहुत जरूरी है। उन्होंने अपने मंत्रियों से इस दिशा में जुट जाने को कहा। नड्डा ने कोरोना संकट के दौरान किए सेवा कार्यों के लिए भी सरकार और संगठन की प्रशंसा की। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा कार्यों को राजनीति का माध्यम बनाने की अनूठी पहल हुई है। उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय के अन्त्योदय दर्शन को साकार रूप देने के लिए भी योगी सरकार को सराहा।
सीएम योगी ने की संगठन के सहयोग की सराहना
बैठक में मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना संकट के दौरान किए गए सेवा कार्य और चिकित्सीय व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कोरोना संक्रमण को काबू करने में प्रदेश सरकार के योगदान पर प्रकाश डाला और इस कार्य में किए गए सहयोग के लिए संगठन की सराहना की। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह, अरुण सिंह, दुष्यंत गौतम, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, सह प्रभारी सत्या कुमार व संजीव चौरसिया आदि मौजूद थे। शुक्रवार को घने कोहरे के बीच भी जेपी नड्डा जियामऊ पहुंच गए। उन्होंने भाजपा के नए राज्य मुख्यालय की जमीन का निरीक्षण किया। इसके बाद विश्व संवाद केंद्र में आरएसएस के प्रचारकों के साथ बैठक की। उनका चिनहट में मंडल कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS