कानपुर में घर के बाहर सो रही बच्ची को अगवा किया, फिर जिंदा जलाकर मार डाला, सामूहिक दुष्कर्म की भी आशंका

कानपुर में घर के बाहर सो रही बच्ची को अगवा किया, फिर जिंदा जलाकर मार डाला, सामूहिक दुष्कर्म की भी आशंका
X
कानपुर देहात के एक गांव में इस बच्ची का शव अपने घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर एक बगीचे से अधजली हालत में बरामद हुआ। शरीर पर कपड़े भी नहीं थे। पुलिस को तलाशी अभियान के दौरान एक जली हुई चारपाई भी मिली है।

उत्तर प्रदेश के कानपुर से सन्न कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 12 साल की बच्ची को घर से अगवा करके जिंदा जला दिया गया। शव की हालत देखकर लग रहा है कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म भी किया गया है। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दावा किया जा रहा है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कानपुर देहात के एक गांव में यह बच्ची बुधवार की रात अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रही थी। पास में दूसरी चारपाई पर उसकी दादी भी सोई थी। सुबह जब परिजन उठे तो देखा कि बच्ची गायब है। उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर एक बगीचे में बच्ची की अधजली लाश बरामद हुई। परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। घटनास्थल का मुआयना करने के साथ ही जब आसपास के एरिया में सर्च अभियान चलाया गया तो खड़ंजा मार्ग पर एक अधजली चारपाई मिली है। पुलिस को शक है कि आरोपियों ने इसी चारपाई पर बच्ची को जलाया और उसके बाद अधजले शव को बगीचे में फेंक दिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बच्ची के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ है या नहीं। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने भी सबूत जुटाए हैं। पुलिस आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लेगी।

Tags

Next Story