Azamgarh By-election: भाजपा ने आजमगढ़ से निरहुआ को मैदान में उतारा, रामपुर से घनश्याम लोधी भी लड़ेंगे चुनाव

Azamgarh By-election: भाजपा ने आजमगढ़ से निरहुआ को मैदान में उतारा, रामपुर से घनश्याम लोधी भी लड़ेंगे चुनाव
X

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव (Azamgarh Lok Sabha by-election) के लिए बीजेपी नेता और भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ (Dinesh Lal Yadav Nirahua) को मैदान में उतारा गया है, वहीं रामपुर उपचुनाव के लिए घनश्याम लोधी (Ghanshyam Singh Lodhi) के नाम का ऐलान किया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आजमगढ़ और रामपुर दोनों सीटें ही समाजवादी पार्टी का गढ़ रही हैं। अखिलेश यादव के इस्तीफा देने के बाद आजमगढ़ लोकसभा सीट खाली हो गई थी, जिसके बाद दिनेश लाल यादव निरहुआ को बीजेपी ने प्रत्याशी चुना है। निरहुआ ने करीब दो दिन पहले से प्रचार अभियान शुरू भी कर दिया था। इससे कयास लग रहे थे कि उन्हें ही प्रत्याशी बनाया जा सकता है।

निरहुआ ने शुक्रवार को ट्विटर पर पोस्टर जारी करते हुए कमल निशान पर वोट देने की अपील की थी। उन्होंने लिखा, 'जाति धरम ना कवनो भरम ना कवनो मनबढ़ के लिए। कमल के बटन दबईह भैया अपने आजमगढ़ के लिए।' निरहुआ ने कहा था कि अखिलेश यादव आजमगढ़ को छोड़कर चले गए हैं। उन्होंने दावा किया था कि इस सीट पर बीजेपी प्रत्याशी को ही जीत मिलना निश्चित है।

बता दें कि दिनेश लाल यादव ने 2019 के लोकसभा चुनाव में भी अखिलेश यादव के खिलाफ लड़े थे। हालांकि उन्हें जीत नहीं मिल सकी। अब बीजेपी ने उन्हें दोबारा मौका दिया है। इस निर्णय के पीछे यादव वोट को साधने की कोशिश के तौर भी देखा जा रहा है। दरअसल आजमगढ़ में यादव वोट भी बड़ा फैक्टर है। यहां कुल 19 लाख मतदाता हैं, जिनमें से साढ़े चार लाख से ज्यादा यादव वोट हैं। तीन लाख मुस्लिम और तीन लाख दलित वोट हैं। ऐसे में बीजेपी ने दोबारा से दिनेश लाल यादव को मैदान पर उतरकर फिर से बड़ा दांव खेला है।

रामपुर से घनश्याम लोधी को प्रत्याशी बनाया

रामपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी ने घनश्याम लोधी को प्रत्याशी को चुना गया है। खास बात है कि बहुजन समाजवादी पार्टी ने जहां आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिया, वहीं रामपुर उपचुनाव के लिए चुनाव न लड़ने का ऐलान किया। उधर, सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि सपा आजम खान के परिवार के किसी सदस्य को रामपुर लोकसभा सीट से उपचुनाव लड़ा सकती है।

Tags

Next Story