फतेहपुर में मामूली बात पर युवक को जिंदा जलाकर मार डाला, वजह जानकर नहीं होगा यकीन

फतेहपुर में मामूली बात पर युवक को जिंदा जलाकर मार डाला, वजह जानकर नहीं होगा यकीन
X
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव के रहने वाले अमित ने कभी सोचा नहीं होगा कि एक मामूली सी बात पर उसकी इस तरह हत्या कर दी जाएगी। बहरहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दबंगों ने मामूली बात पर एक शख्स को पहले तो बुरी तरह से पीटा और उसके बाद उसे जिंदा जला दिया। बुरी तरह से झुलसे शख्स को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की वजह सुनकर हर कोई हैरान है कि क्या इतनी मामूली बात पर भी किसी की जान ली जा सकती है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हुसैनगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में रहने वाला अमित ट्रैक्टर पर अपने घर की ओर जा रहा था। इस दौरान रास्ते में ईंट बनाने वाला सांचा उसके ट्रैक्टर के नीचे आकर टूट गया। अमित जैसे ही घर पहुंचा, उसे ढूंढते हुए कुछ लोग पीछे आ गए। दबंगों ने अमित को घर के बाहर घसीट लिया और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। इतने पर भी उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ। हमलावरों ने अमित पर केरोसीन डालकर आग लगा दी।

अमित को आग से घिरा देख लोगों की सांसे अटक गई। किसी की हिम्मत नहीं हुई कि दबंगों से उसे बचा पाते। हमलावरों के फरार होने के बाद अमित को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपी गिरफ्तार हो चुका है। अन्यों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Tags

Next Story