Mega Plantation Drive in UP : सीएम योगी आदित्यनाथ ने की वृक्षारोपण महाभियान की शुरुआत, 100 साल पुराने वृक्षों के लिए किया यह बड़ा ऐलान

Mega Plantation Drive in UP : सीएम योगी आदित्यनाथ ने की वृक्षारोपण महाभियान की शुरुआत, 100 साल पुराने वृक्षों के लिए किया यह बड़ा ऐलान
X
वन महोत्सव के दौरान कुल 30 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से 25 करोड़ पौधे आज रोपे जाएंगे, जबकि बाकी बचे पौधों को जुलाई माह समाप्त होने से पहले रोप दिया जाएगा।

उत्तर प्रदेश में आज वृक्षारोपण महाभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत आज के दिन प्रदेश भर में 25 करोड़ पौधे रोपे जाएंगे। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने झांसी में पौधारोपण किया, वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे पौधा रोपकर इस महाभियान की शुरुआत की। वन महोत्सव के दौरान कुल 30 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से 25 करोड़ पौधे आज रोपे जाएंगे, जबकि बाकी बचे पौधों सात जुलाई तक रोप दिए जाएंगे।

इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वृक्षारोपण के महाअभियान के अंतर्गत आज हम कई नए रिकॉर्ड बनाने जा रहे हैं। आज सुबह से लेकर अब तक लगभग 09 करोड़ वृक्ष लग चुके हैं। यह कार्यक्रम देर शाम तक चलेगा। सात जुलाई तक वृक्षारोपण के कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने वन विभाग के साथ मिलकर यहां के एक बहुत प्राचीन बरगद के पेड़ को हेरिटेज वृक्ष के रूप में मान्यता देकर वहां पर पूजन कराया है। जहां पर 100 वर्ष से अधिक पुराने वृक्ष होंगे, उन्हें हेरिटेज वृक्ष की मान्यता देकर उनका संरक्षण किया जाएगा।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की खूबियां गिनवाईं

सीएम योगी आदित्यनाथ ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की खूबियां भी गिरवाईं। उन्होंने कहा कि आज आप लोगों को यहां पर कुछ नयापन देखने को मिला होगा। आज से 2-3 साल पहले जहां पर हम लोग बैठे हैं, यहां पर सामान्य खेत रहे होंगे, लेकिन आज यहां एक एक्सप्रेस-वे है। यह एक्सप्रेस-वे पूर्वी उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बनने जा रहा है। इससे पूर्वी उत्तर प्रदेश में व्यापक रोजगार/नौकरियों की संभावना और औद्योगिकीकरण की दिशा में कार्य आगे बढ़ेंगे। देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उत्तर प्रदेश को स्थापित करने के लिए यह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे सहायक सिद्ध होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अुनरूप उत्तर प्रदेश को 01 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने में प्रदेश का युवा अपना योगदान देगा। उद्योग, आईटी पार्क, टेक्टाइल पार्क व अन्य के स्थापित होने से प्रदेश के युवाओं को यहीं पर नौकरी रोजगार मिलेगा, उन्हें प्रदेश के बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

हर जिले और गांव में बने स्मृति वाटिका

सीएम योगी ने कोरोना महामारी में जान गंवाने वाले लोगों के लिए अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी अभी समाप्त नहीं हुई है, आप सबके सामूहिक प्रयास से वायरस कमजोर जरूर हुआ है, लेकिन अब भी 'दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी' का पालन करना होगा। थोड़ी सी लापरवाही नुकसानदेह हो सकती है।

सीएम ने कहा कि कोरोना काल में जिन लोगों ने अपने परिवार के सदस्यों को खोया है, उन सबके प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं सभी दिवंगत आत्माओं को नमन करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। कोरोना काल में हमने कई अपनों को खो दिया। उनकी याद में प्रत्येक जिले और गांव में स्मृति वाटिका बनाई जाए। प्रत्येक व्यक्ति प्रण ले कि वो घर जाकर अपने परिजनों, दोस्तों और रिश्तेदारों को भी कम से कम एक-एक पौधा रोपने के लिए प्रेरित करेगा।

राज्यपाल ने की स्मृति वाटिका की स्थापना

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने झांसी के सिमरधा डैम पर स्मृति वाटिका की स्थापना की। यहां पर करीब पांच हजार पौधे रोपे गए हैं। राज्यपाल ने भी लोगों से आह्वान किया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अपना योगदान अवश्य दें। बता दें कि आज के पौधारोपण महाभियान में सभी मंत्री और विधायकों के अलावा सरकारी विभाग भी अपना योगदान दे रहे हैं।

Tags

Next Story