मुख्तार अंसारी के सांसद भाई अफजाल अंसारी पर कस रहा शिकंजा, 12 करोड़ का फार्म हाउस कुर्क

मुख्तार अंसारी के सांसद भाई अफजाल अंसारी पर कस रहा शिकंजा, 12 करोड़ का फार्म हाउस कुर्क
X
बाहुबली मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी गाजीपुर से बसपा सांसद हैं। गैंगस्टर मुकदमे में अफजाल अंसारी की संपत्ति को आज कुर्क किया गया है।

उत्तर प्रदेश के बाहुबली मुख्तार अंसारी (Mukhtar Ansari) और उसके रिश्तेदारों व करीबियों पर शिकंजा कसता जा रहा है। इसी कड़ी में आज मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी (Afzal Ansari) के फार्म हाउस को कुर्क किया गया है। इस फार्म हाउस की बाजार कीमत 12.35 करोड़ बताई जा रही है। इससे पूर्व बीते गुरुवार को भी अफजाल अंसारी के ठिकाने पर भी ईडी (ED) ने छापामारी की थी। साथ ही, मुख्तार अंसारी के भी गाजीपुर से लेकर दिल्ली तक उसके 11 ठिकानों पर भी छापामारी हुई।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बाहुबली मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी गाजीपुर से बसपा सांसद हैं। गैंगस्टर के मुकदमे में अफजाल अंसारी की संपत्ति को आज कुर्क किया गया है। गाजीपुर जिला प्रशासन ने आज यह कार्रवाई करते हुए अफजाल अंसारी के फार्म हाउस समेत छह हेक्टेयर भूमि को कुर्क किया। अफजाल के खिलाफ यह दूसरी कुर्की की कार्रवाई है। कुर्क जमीन की बाजार कीमत 12.35 करोड़ बताई जा रही है। इन संपत्तियों को अफजाल अंसारी ने 2005 से 2020 के बीच खरीदा था।

गाजीपुर के डीएम मंगलाप्रसाद सिंह की कोर्ट ने सांसद अफजाल अंसारी की संपत्ति को कुर्क करने का आदेश दिया। एसपी रोहन पी.बोत्रे के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी माचा सुखडेहरा पहुंचे और अफजाल अंसारी के फार्म हाउस को कुर्क करने का नोटिस चस्पा किया। ढोल बजवाने के बाद संपत्ति को कुर्क कर लिया गया।

बता दें कि इससे पूर्व पिछले दिनों अफजाल अंसारी के बेटे की 15 करोड़ रुपये की संपत्ति को जब्त कर लिया था। गाजीपुर के एसपी रोहन पी बोत्रे ने कहा था कि माफिया शासन को खत्म करने के लिए हम गैंगस्टरों के खिलाफ केस दर्ज कर रहे हैं। अफजाल अंसारी के बेटे द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई लगभग 15 करोड़ की संपत्ति आज गैंगस्टर अधिनियम की धारा 14(1) के तहत जब्त की जाएगी।

Tags

Next Story