UP Cabinet Meeting: मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना को मिली मंजूरी, 2024 तक अयोध्या बनेगी मॉडल सिटी

UP Cabinet Meeting: मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना को मिली मंजूरी, 2024 तक अयोध्या बनेगी मॉडल सिटी
X
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट की मीटिंग हुई। मीटिंग में नगर विकास की कई योजनाओं के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट की मीटिंग (Cabinet Meeting) हुई। मीटिंग में नगर विकास की कई योजनाओं के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। कैबिनेट ने जहां मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना (Mukhyamantri Nagar Srijan Yojana) को मंजूरी प्रदान की तो वहीं दो साल में अयोध्या (Ayodhya) को मॉडल सिटी (Modal City) बनाने का प्रस्ताव पास कर दिया। इससे देश से और विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी खासी सुविधाएं मिल सकेंगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कैबिनेट मीटिंग में अयोध्या में बन रहे श्रीरामजन्मभूमि तक 12 किलोमीटर लंबे मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण का निर्णय लिया गया। कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने बताया कि आज की बैठक में नगर पंचायतों से संबंधित प्रस्ताव पास किए गए हैं। 18 नए नगर निकाय जुड़ गए थे। सात नगर पालिका परिषदों का विस्तार हुआ है।

उन्होंने बताया कि प्रतापगढ़ में एक नई नगर पंचायत का गठन हुआ है। वाराणसी नगर निगम की सीमा का विस्तार किया गया है। अब रामनगर नगर पालिका परिषद वाराणसी नगर निगम में समाहित करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा सूजाबाद नगर पंचायत को भी नगर निगम वाराणसी में समाहित करने का फैसला हुआ है। पहले बनाए गए नए नगर निकाय का विस्तार हुआ और बजट में 550 करोड़ का प्रावधान किया गया था। इसके लिए नई योजना का नाम 'मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना' का नाम दिया है।

उन्होंने बताया कि इस योजना के लिए सबसे पहले एक मास्टर प्लान तैयार होगा। जिन गावों का प्लान होगा, उससे जुड़े जन प्रतिनिधियों से सुझाव लिए जाएंगे। इस योजना के तहत जिले में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में और नगर निगमों में नगर आयुक्तों के माध्यम से प्लान को मंजूरी दी जाएगी। इस योजना के तहत सड़क, ड्रेनेज, कम्युनिटी सेंटर, बिजली आदि कार्यों को पूरा किया जा सकेगा। नगर चौराहों को पीपीपी मॉडल पर विकसित किया जाएगा।

अयोध्या बनेगी मॉडल सिटी

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि अयोध्या को मॉडल सिटी बनाया जाएगा, यह प्रस्ताव पास किया गया है। श्रीरामजन्मभूमि में निर्माण का काम जारी है। शहादतगंज से नयाघाट तक मुख्य मार्ग हनुमानगढ़ी से होते हुए श्रीरामजन्मभूमि तक बनेगा। इसकी लंबाई 12 किलोमीटर है। मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव पास किया गया है। इस काम को अगले दो सालों में पूरा किया जाएगा। सरकार की ओर से अयोध्या में कराए जा रहे विकास कार्यों से अगले दो साल तक अयोध्या मॉडल सिटी के रूप में नजर आएगी। इसका लाभ न केवल देश बल्कि विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी मिलेगा।

Tags

Next Story