Mulayam Singh Yadav Death : जिस अस्पताल में हुआ था पत्नी का निधन, 93 दिन बाद उसी में नेताजी ने भी ली अंतिम सांस

Mulayam Singh Yadav Death : जिस अस्पताल में हुआ था पत्नी का निधन, 93 दिन बाद उसी में नेताजी ने भी ली अंतिम सांस
X
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का आज सुबह निधन हो गया। नेताजी ने आज गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। इसी अस्पताल में पत्नी साधना गुप्ता ने भी अपनी अंतिम सांस ली थी।

समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के संस्थापक और उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) का आज सुबह निधन हो गया। सपा नेता मुलायम सिंह यादव ने आज यानि सोमवार को सुबह 8 बजकर 15 मिनट पर गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। यह वही शहर और वही अस्पताल है, जहां पर आज से ठीक 93 दिन पहले मुलायम सिंह की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता (Sadhna Gupta) ने भी अंतिम सांस ली थी। साधना गुप्ता मुलायम सिंह की दूसरी पत्नी, बीजेपी नेत्री अपर्णा यादव की सास और प्रतीक यादव की मां थीं।

बता दें कि साल 2003 में मुलायम सिंह यादव की पहली पत्नी और अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) की मां मालती देवी का निधन हो गया था। जिसके कुछ समय बाद ही सपा नेता ने खुद से 20 साल छोटी साधना गुप्ता को अपनी दूसरी पत्नी का दर्जा दिया था।

साधना इटावा के बिधुना तहसील की रहने वाली थीं। साधना गुप्ता की पहली शादी फर्रुखाबाद के चंद्रप्रकाश गुप्ता से शादी हुई थी। इस दंपति ने 1987 में एक बेटे को जन्म दिया, जिसका नाम प्रतीक यादव रखा गया। लेकिन शादी के कुछ साल बाद ही साधना और चंद्रप्रकाश के बीच अनबन शुरू हो गई और वो अलग हो गए थे।

ऐसा बताया जाता है कि मुलायम सिंह यादव की मां मूर्ति देवी बीमार रहती थीं। उसी दौरान साधना गुप्ता ने मुलायम सिंह की मां मूर्ति देवी का काफी ख्याल रखा था। एक दिन अस्पताल में एक नर्स मूर्ति देवी को गलत इंजेक्शन लगाने जा रही थी, तभी वहां मौजूद साधना गुप्ता ने उसे रोक दिया और सूबे की ताकतवर शख्सियत मुलायम की मां के प्राण बच गए थे। इसका पता लगने पर मुलायम सिंह तभी से साधना गुप्ता से खासे प्रभावित हुए थे। यहीं से दोनों एक दूसरे के करीब भी आ गए थे। हालांकि दोनों ने ही सालों तक अपने रिश्ते को कभी जग-जाहिर नहीं किया।

इसके बाद साल 2003 में मुलायम सिंह यादव की पहली पत्नी मालती देवी का निधन हो गया। इसके कुछ समय बाद ही मुलायम ने साधना को अपनी पत्नी का दर्जा दिया था। बता दें कि साधना गुप्ता के बेटे प्रतीक गुप्ता यादव राजनीति से कोसों दूर रहते हैं। हालांकि, उनकी पत्नी अपर्णा यादव (Aparna Yadav) राजनीति में खासी सक्रिय हैं। गौरतलब है कि साधना गुप्ता की बहू अपर्णा यादव ने सपा के टिकट पर साल 2017 में विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। फिर अपर्णा ने इसी साल सूबे में हुए विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली थी।

Tags

Next Story