UP Politics : प्रियंका गांधी लखीमपुर में बदसलूकी का शिकार हुईं सपा समर्थित उम्मीदवार से मिलीं, योगी सरकार पर लगाया यह आरोप

UP Politics : प्रियंका गांधी लखीमपुर में बदसलूकी का शिकार हुईं सपा समर्थित उम्मीदवार से मिलीं, योगी सरकार पर लगाया यह आरोप
X
लखीमपुर में ब्लॉक प्रधान चुनाव के नामांकन वाले दिन सपा उम्मीदवार रितु सिंह और उनकी प्रस्तावक अनीता यादव से बदसलूकी की गई थी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने दोनों से मुलाकात कर बड़ा संदेश देने की कोशिश की है।

उत्तर प्रदेश में यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के लिए प्रचार अभियान का आगाज करने के लिए मैदान में उतरीं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने आज लखीमपुर में ब्लॉक प्रधान चुनाव नामांकन के दौरान अभद्रता का शिकार होने वाली दोनों महिलाओं से मुलाकात की। इस दौरान प्रियंका ने जहां योगी सरकार पर जमकर हमला बोला, वहीं स्थानीय ब्लॉक प्रधान चुनाव रद्द करने की भी मांग की।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पसगंवा गांव में सपा उम्मीदवार रितु सिंह और उनकी प्रस्तावक अनीता यादव से बातचीत की। उन्होंने दोनों को भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय दिलाकर रहेंगे। प्रियंका गांधी ने कहा कि इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि हम किस दल से हैं। हम महिलाए हैं और भविष्य में ऐसा किसी महिला के साथ नहीं होना चाहिए।

उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि हमें यह पूछने की जरूरत है कि क्या आज हमारे पास ऐसा लोकतंत्र है, जहां ब्लॉक प्रधान चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के दौरान एक महिला के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। मेरी मांग है कि यहां के चुनाव रद्द कर दिए जाएं और पुनर्मतदान कराया जाए।

सपा पर भी कसा तंज

यूपी कांग्रेस ने प्रियंका गांधी के लखीमपुर दौरे की तस्वीर साझा करते हुए ट्विटर पर लिखा, 'दल के हिसाब से नहीं दर्द के हिसाब से रिश्ता निभाने वाली नेता का नाम प्रियंका गांधी है।' वहीं कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी ने इशारों इशारों में सपा पर भी तंज कसा। उन्होंने लिखा कि बुला कर मिलने और जा कर मिलने में बड़ा फर्क होता है। बता दें कि प्रियंका गांधी के यूपी दौरे के शेड्यूल में इस मुलाकात के बारे में कुछ भी तय नहीं था। ऐसे में प्रियंका गांधी के इस कदम को इस संदेश के तौर पर देखा जा रहा है कि कांग्रेस यूपी में सबसे बड़ी पार्टी होने का दमखम रखती है।

Tags

Next Story