यूपी में राहुल पहली और प्रियंका गांधी दूसरी बार गिरफ्तार, कहा परिवार को धमकाकर चुप कराना चाहती है योगी सरकार

उत्तर प्रदेश के हाथरस गैंगरेप कांड के मामले में परिजनों से मुलाकात करने पहुंचे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही पुलिस ने राहुल के साथ धक्कामुक्की भी की। इस दौरान राहुल गांधी जमीन पर गिर गए। हालांकि किसी तरह से उनको चोट नहीं आई है।
वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के हाथरस पहुंचने से पहले ही जिले को पूरी सुरक्षा के तहत बांध दिया गया। यहां धारा-144 लागू कर दिया गया और सीमाएं को सील कर दिया गया। पीड़िता के परिजनों से किसी के भी मिलने पर रोक लगा दिया गया।
गांव में बाहरवालों को नो एंट्री
गांव के बाहर मेन रोड पर बैरिकेड लगाए गए हैं। गांव में बाहर से आने वाले किसी भी व्यक्ति को एंट्री नहीं दी जा रही है। साथ ही मीडिया को गांव में प्रवेश करने पर रोक लगा दिया गया है। इस पर प्रियंका ने ट्वीट कर कहा था कि अभी पूरे परिवार को नजरबंद रखा है।
बात करने पर मना है। क्या धमकाकर उन्हें चुप कराना चाहती है सरकार?
पहले भी हो चुकी गिरफ्तारी
धारा-144 उल्लघंन के तहत पहुंचे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें कि यूपी में राहुल गांधी की पहली बार गिरफ्तारी हुई है। जबकि प्रियंका गांधी की दूसरी बार गिरफ्तारी हुई है। इससे पहले उनकी गिरप्तारी साल 2019 में सोनभद्र में हुई थी।
यहां वे जमीन विवाद में मारे गए 10 लोगों के परिवार से मिलने पहुंची थीं।
दुष्कर्म पर एसपी का बयान
हाथरस के एसपी विक्रांत वीर ने कहा है कि अलीगढ़ अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट में पीड़ित के शरीर पर चोट की बात पुष्टि की गई है, लेकिन दुष्कर्म की पुष्टि नहीं की गई है। हालांकि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही इस पर साफ हो पाएगा।
पॉलिटिकल टूरिज्म से तनाव बढ़ाने की कोशिश
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की घटनाओं का सभी को दुख है और चाहते हैं कि दोषियों को सजा मिले। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार की कोशिशों के नतीजे जल्द नजर आएंगे। लेकिन कुछ लोग पॉलिटिकल टूरिज्म के जरिए तनाव बढ़ाने की कोशिश में लगे हुए हैं, जो ऐसा नहीं होना चाहिए।
घटना में सभी आरोपी गिरफ्तार
हाथरस जिले के चंदपा इलाके के गांव में 14 सितंबर को चार दरिंदों ने एक दलित युवती के साथ गैंगरेप कर दिया था। इसके बाद दरिंदों ने युवती की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी और उसकी जीभ भी काट दी थी। दिल्ली में इलाज के दौरान पीड़ित की मौत हो गई।
फिलहाल इस मामले में शामिल सभी चारों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS