शिवपाल यादव ने अखिलेश पर साधा निशाना, बोले- एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को दूंगा वोट, बताई वजह

शिवपाल यादव ने अखिलेश पर साधा निशाना, बोले- एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को दूंगा वोट, बताई वजह
X
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने फिर से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला है। उनका कहना है कि अखिलेश में राजनीतिक परिपक्वता की कमी है। उधर, सुभासपा के अध्यक्ष ओपी राजभर ने भी द्रौपदी मुर्मू को वोट देने का निर्णय लिया है। पढ़िये रिपोर्ट...

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव (Shivpal Yadav) ने फिर से समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) पर हमला बोला है। शिवपाल का कहना है कि अखिलेश में राजनीतिक परिपक्वता की कमी है, जिससे समाजवादी पार्टी कमजोर होती जा रही है। यही नहीं, शिवपाल यादव ने कहा है कि राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) को ही वोट देंगे। उन्होंने इसके पीछे की भी वजह बताई है। उधर, सपा के सहयोगी दल सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी राजभर ने भी द्रौपदी मुर्मू को समर्थन दिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव ने कहा है कि मैंने पहले ही यह तय कर लिया था कि जो भी मुझसे राष्ट्रपति चुनाव के लिए समर्थन मांगेगा, उसी के पक्ष में वोट दूंगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने मुझे फोन ही नहीं किया और न ही मेरा वोट मांगा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कल (शुक्रवार) मुझे आमंत्रित किया, जहां मैंने एनडीए के राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इसके बाद फैसला स्पष्ट था कि मैं उनको ही वोट दूंगा।

सपा के कई नेता छोड़ रहे

शिवपाल यादव ने अपने भतीजे अखिलेश यादव पर राजनीतिक परिपक्वता की कमी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अखिलेश की राजनीतिक अपरिपक्वता के चलते समाजवादी पार्टी कमजोर होती जा रही है और कई नेता पार्टी छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा की ओर से मुझे पार्टी की बैठकों में भी आमंत्रित नहीं किया जाता है। मुझे विपक्ष के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के साथ बैठक में भी नहीं बुलाया गया था। उन्होंने कहा कि अखिलेश के इसी रवैये की वजह से पार्टी को और ज्यादा नुकसान झेलना पड़ेगा।

बता दें कि विधानसभा चुनाव के बाद से शिवपाल यादव और अखिलेश यादव के बीच कड़वाहट है। प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव ने विधानसभा चुनाव सपा की टिकट पर लड़ा था। इसके बाद जब सपा विधायकों की बैठक हुई तो शिवपाल यादव को न्यौता ही नहीं दिया गया। इस पर शिवपाल यादव ने नाराजगी जताई थी। तब से अब तक लगातार शिवपाल और अखिलेश के बीच दूरियां बढ़ती ही जा रही हैं। पिछले दिनों अखिलेश यादव ने तो शिवपाल यादव को यहां तक नसीहत दी थी कि अपनी पार्टी को मजबूत बनाने का काम करें।

ओपी राजभर ने भी द्रौपदी मुर्मू को दिया समर्थन

सपा के सहयोगी दल सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी राजभर भी अखिलेश से नाराज हैं। उन्होंने भी एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को भी समर्थन दिया है। ओपी राजभर रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में सपा की हार के बाद से अखिलेश यादव पर हमलावर हैं। उन्होंने कहा था कि एसी रूम में बनाने से अगर चुनाव जीते जाते तो यह दोनों सीटें नहीं हारते। उन्होंने यह भी कहा था कि अखिलेश के नेतृत्व में तो सपा ने एक भी चुनाव नहीं जीता। राजभर के लगातार हमलों का पलटवार करते हुए अखिलेश ने कहा था कि हमें किसी की नसीहत नहीं चाहिए। इसके बाद से ओपी राजभर भी हमले करने में पीछे नहीं हैं। अब राजभर की ओर से एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को समर्थन दर्शा रहा है कि सपा-सुभासपा का गठबंधन जल्द टूट सकता है।

Tags

Next Story