UP kisan Mahapanchayat : अखिलेश ने योगी सरकार पर भी साधा निशाना, बोले- प्रदेश में अंधेर नगरी चौपट राजा...

समाजवादी पार्टी की अलीगढ़ के टप्पल में आयोजित किसान महापंचायत में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने 'अंधेर नगरी चौपट राजा' की संज्ञा देते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। वहीं किसानों के मुद्दे पर भी लगातार संघर्षरत रहने का वादा किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में प्रत्येक वर्ग परेशान है। दिनदहाड़े रेप की वारदाते हो रही हैं। बोले, 'बहुत पुरानी कहावत है। अंधेर नगरी चौपट राजा। उत्तर प्रदेश में हो रहा है कि अंधेर नगरी चौपट राजा, दिनदहाड़े दुष्कर्म और रातभर गांजा। जिसको देखना है यूपी में आजा।' अखिलेश तीनों कृषि कानूनों को किसानों को बर्बाद करने की साजिश बताया। सपा प्रमुख ने कहा कि किसानों के आंदोलन को 100 दिन हो चुके हैं लेकिन सरकार पर कोई असर नहीं पड़ रहा। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि कृषि कानून वापस न होने तक इस संघर्ष को जारी रखें। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी इस लड़ाई में समाजवादी पार्टी भी हमेशा साथ खड़ी रहेगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक किसान महापंचायत के लिए दो मंच बनाए गए हैं। सपा के जिलाध्यक्ष गिरीश यादव का दावा है कि महापंचायत में 20 हजार से अधिक किसान पहुंचे हैं। किसान महापंचायत के मंच पर सभी धर्म और जाति के एक-एक किसान को प्रतिनिधि के रूप में सम्मानित किया जाएगा। सपा प्रमुख अखिलेश यादव आगरा से यमुना एक्सप्रेसवे से होते हुए टप्पल पहुंचे हैं।
इससे पहले उन्होंने सैफ़ई स्थित अपने आवास पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। अखिलेश ने कहा कि तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ समाजवादी पार्टी शुरू से ही किसानों के साथ है। जब तक तीनों काले कानून वापस नहीं होते, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर चुकी है। सीएम के गृह जिले में सबसे ज्यादा अपराध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार केवल किसानों को लूटने के काम में लगी है। आने वाले समय में जनता इसका हिसाब करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 2022 के लिए जीजान से तैयारियों में जुट जाएं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS