सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 'हर घर तिरंगा' कार्यक्रम का किया स्वागत, कही यह बात

देश की आजादी का अमृत महोत्सव (Azadi Ka Amrit Mahotsav) कार्यक्रम के तहत 11 से 17 अगस्त के बीच 'हर घर तिरंगा' राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसकी सभी प्रदेशों में तैयारियां चल रही हैं और लोगों को प्रेरित किया जा रहा है कि घर और प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज (National Flag) फहराएं। सरकारी एवं गैर सरकारी परिसरों में राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने इस कार्यक्रम का स्वागत किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने ट्वीट में लिखा, ''हर घर तिरंगा' के राष्ट्रीय कार्यक्रम का स्वागत है। तिरंगे के रंग देश की बहुरंगी बहुलता को स्वीकारने व एकरंगी एकरूपता को नकारने के प्रतीक हैं। ये कार्यक्रम जितना सफल होगा उतना ही सिद्ध करेगा कि आज भी देश में एकरूपता से ज़्यादा विविधता को महत्व देने वाले सच्चे देशप्रेमी अधिक हैं।' इसके साथ ही अखिलेश यादव ने एक अन्य ट्वीट में ब्रिटिश राज के खिलाफ जल-जंगल-जमीन की लड़ाई के नायक बिरसा मुंडा जी की पुण्यतिथि पर सादर नमन एवं विनम्र श्रद्धांजलि दी है।
इस राष्ट्रीय अभियान में यूपी बड़ा होगा हिस्सेदार
उत्तर प्रदेश 'हर घर तिरंगा' के राष्ट्रीय कार्यक्रम में सबसे बड़ा हिस्सेदार होगा। प्रदेश में 3.18 करोड़ घरों, दफ्तरों और दुकानों पर राष्ट्रीय ध्वज लहराएगा। प्रत्येक जिले में डीएम के नेतृत्व की कमेटी सभी तैयारियां सुनिश्चित कर रही है। लखनऊ में भी 6.6 लाख घरों-दुकानों पर तिरंगा लहराएगा। लोगों को तिरंगा लहराने का प्रोटोकॉल भी समझाया जाएगा। वहीं तिरंगा तैयार करने वालों को भी मानकों की जानकारी दी जाएगी। 25 जून तक पूरे प्रदेश में 3.60 करोड़ तिरंगा झंडा बनाने का लक्ष्य रखा गया है। डीएम की अगुआई वाली कमिटी इसकी पूरी मॉनिटरिंग करेगी। इसमें जिले के हर विभाग से जुड़े अधिकारी शामिल हैं। प्रदेश के हर कोने तक राष्ट्रीय ध्वज के वितरण का कार्यक्रम 15 जुलाई से शुरू हो जाएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS